App

अलवर में अनोखी शादी: दो भाई हेलीकॉप्टर से लेने पहुंचे दुल्हनें, गांव में उमड़ी भीड़

अलवर के मेवात क्षेत्र के भुल्ला का बास गांव में दो सगे भाइयों की शाही शादी चर्चा में है. रोहिल खान और साहिर खान अपनी दुल्हनों को लेने हेलीकॉप्टर से शीतल गांव पहुंचे. दुल्हनों की इच्छा पूरी करने के लिए परिवार ने चार घंटे के लिए हेलीकॉप्टर बुक किया, जिस पर करीब 5 लाख रुपये खर्च हुए.

अलवर में अनोखी शादी: दो भाई हेलीकॉप्टर से लेने पहुंचे दुल्हनें, गांव में उमड़ी भीड़
Image Credit: हेलीकॉप्टर से घर दुल्हनें लाए दो सगे भाई

राजस्थान के अलवर जिले के मेवात क्षेत्र में दो सगे भाइयों की अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. भुल्ला का बास गांव के दोनों भाई अपनी दुल्हनों को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंचे. सुबह हेलीकॉप्टर से बारात लेकर गए दोनों दूल्हे शाम को अपनी दुल्हनों को साथ लेकर लौटे. शाही अंदाज में हुई इस शादी को क्षेत्र में मेवात की शान के रूप में देखा जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, भुल्ला का बास गांव निवासी रफी मोहम्मद खेती-किसानी से जुड़े हैं. उनके बेटे रोहिल खान और साहिर खान का रिश्ता बड़ौदा मेव के समीप स्थित शीतल गांव निवासी मुबीन खान की दो बेटियों से तय हुआ था. मुबीन खान प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हैं. रविवार को दोनों भाइयों का निकाह हुआ. साहिर खान अपनी दुल्हन आइना और रोहिल खान अपनी दुल्हन मौसीना को ब्याहकर घर लाए.

ग्रामीणों की जटी भीड़ 
बताया जा रहा है कि दोनों दुल्हनों की इच्छा थी कि वे हेलीकॉप्टर से विदा होकर अपने ससुराल पहुंचें. परिवार ने उनकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की. जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव पहुंचा, उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इस अनोखी शादी को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्र में काफी उत्साह नजर आया.

चार घंटे की बुकिंग के लिए दिए पांच लाख रुपये
दूल्हों के चाचा शहाबुद्दीन खान ने बताया कि दोनों भतीजों की शादी रविवार को थी. इसके लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित पिनान रेस्ट हाउस से हेलीकॉप्टर किराये पर लिया गया. चार घंटे की बुकिंग के लिए पांच लाख रुपये खर्च किए गए. हेलीकॉप्टर दो घंटे भुल्ला का बास गांव और दो घंटे शीतल गांव में रहा. शहाबुद्दीन खान के अनुसार, हेलीकॉप्टर कंपनी ने संबंधित विभागों से आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त की थी.

दोनों भाइयों का एक साथ हेलीकॉप्टर से बारात लेकर जाना और फिर अपनी-अपनी दुल्हनों को लेकर लौटना इस शादी को खास बन गया. दुल्हनों की इच्छा पूरी करने के लिए परिवार की ओर से किए गए इस इंतजाम की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है. मेवात की इस अनोखी शादी ने पारंपरिक विवाह समारोह को शाही अंदाज देकर इसे यादगार बना दिया.

Report- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More