SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शहीद अग्निवीर की अस्थियां देख बिलख पड़ी पत्नी: 3 महीने पहले हुई थी शादी

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ में शहीद हुए अलवर के अग्निवीर समुद्र गुर्जर की अस्थियां उनके पैतृक गांव केसपुर पहुंचीं. सैन्य सम्मान के साथ अस्थियां गांव लाई गईं, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी. तीन महीने पहले ही समुद्र की शादी हुई थी.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 05, 2026, 02:59 PM IST | Updated: Nov 05, 2026, 03:08 PM IST
Image Credit: शहादत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Join

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली क्षेत्र में 14 अगस्त को बादल फटने और अचानक आई बाढ़ की प्राकृतिक आपदा में शहीद हुए अलवर जिले के केसपुर गांव निवासी अग्निवीर समुद्र गुर्जर की अस्थियां अलवर पहुंच गई हैं.

इटाराना सैनिक छावनी से शहीद की अस्थियों को पूरे सैन्य सम्मान और श्रद्धा के साथ उनके पैतृक गांव केसपुर ले जाया गया है. गांव पहुंचने पर सर्व समाज की ओर से वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका स्वागत किया गया. गांव में सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी.

अरुणाचल में प्राकृतिक आपदा की चपेट में आए थे समुद्र गुर्जर
जानकारी के अनुसार, अग्निवीर समुद्र गुर्जर 14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली क्षेत्र में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गए थे. इस प्राकृतिक आपदा में उनकी जान चली गई थी. देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले समुद्र गुर्जर की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी.

दो बहनों का इकलौता भाई था समुद्र, परिवार का था सहारा
समुद्र गुर्जर अपने परिवार में दो बहनों के इकलौते भाई थे. वे माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा होने के साथ ही परिवार की उम्मीदों का केंद्र भी थे. देश सेवा का जज्बा लेकर सेना में शामिल हुए इस युवा अग्निवीर की असमय शहादत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

यह भी पढ़ेंः नागौर में बड़ा हादसा: पोटेशियम नाइट्रेट गोदाम में जोरदार ब्लास्ट, दो भाईयों की मौत

अस्थियां गांव पहुंचीं तो भावुक हुआ माहौल, ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
आज जब शहीद समुद्र गुर्जर की अस्थियां उनके पैतृक गांव केसपुर के स्टैंड पर पहुंचीं तो वहां भावुक माहौल बन गया. केसपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी. एक ओर पूरा गांव अपने लाडले को अंतिम विदाई देने के लिए एकत्रित है, वहीं देश की रक्षा और सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले इस युवा अग्निवीर की शहादत पर हर आंख नम है.  

तीन महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं, समुद्र गुर्जर की पत्नी भी रोते-बिलखते हुए अंतिम विदाई देने पहुंची. समुद्र की शादी उनके लापता होने के करीब 3 महीने पहले मई 2026 में हुई थी. अग्निवीर समुद्र की मां ने भी बेटे को नम आंखों से विदाई दी. बेटे की अस्थियों पर बिलख-बिलख कर रो पड़ी. अग्निवीर को सबसे पहले पिता बदली गुर्जर ने अंतिम विदाई दी. इस दौरान वे बिलख-बिलख कर रोने लगे.

Report- Jugal Gandhi 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES