राजस्थान में दीपावली पर निर्बाध बिजली सप्लाई की तैयारी: बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सरकार का 'मास्टरप्लान'
Rajasthan Electricity Supply: दीपावली से पहले राजस्थान में निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम (AVVNL) ने तैयारियां तेज कर दी हैं. डीडवाना-कुचामन में MD मुकेश कुमार बल्दी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित बिजली कनेक्शन पूरे करने, लाइनों और ट्रांसफॉर्मर के रखरखाव, राजस्व वसूली बढ़ाने और बिजली चोरी पर कार्रवाई के निर्देश दिए.
Rajasthan Electricity Supply: दीपावली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार बल्दी ने डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली. बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से बिजली की उपलब्धता बढ़ाने, राजस्व वसूली में सुधार, विद्युत छीजत (लाइन लॉसेज) कम करने तथा लंबित कनेक्शनों को दीपावली से पहले पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में डीडवाना-कुचामन के अधीक्षण अभियंता (एसई) एफआर मीणा सहित जिलेभर के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और सहायक अभियंता (एईएन) उपस्थित रहे. एमडी ने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए. कुसुम योजना के 46 प्लांट से 80 मेगावाट बिजली उत्पादन एमडी मुकेश कुमार बल्दी ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना विद्युत विभाग के लिए लाभकारी साबित हो रही है.
योजना के तहत जिले में 46 प्लांट स्थापित
योजना के तहत जिले में अब तक 46 प्लांट स्थापित हो चुके हैं, जिनसे लगभग 80 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है. इन प्लांटों से दिन के समय बिजली की उपलब्धता बढ़ी है. साथ ही प्लांट ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) के नजदीक होने के कारण बिजली की आपूर्ति में होने वाली छीजत को कम करने में भी मदद मिल रही है. उन्होंने कहा कि कुसुम योजना के माध्यम से दिन में बिजली की उपलब्धता बढ़ने से विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिल रही है. ऐसे में योजना के प्रभावी संचालन और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर ध्यान दिया जा रहा है.
सूर्यघर योजना के तहत जिले में 6 हजार कनेक्शन
एमडी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिलेभर में अब तक करीब 6,000 कनेक्शन हो चुके हैं. उन्होंने उपभोक्ताओं से इस योजना का लाभ उठाने और अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवाने की अपील की. उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को सरकारी प्रावधानों के अनुसार लगभग एक लाख रुपये तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकता है. इसके अलावा, सोलर प्लांट से उत्पादित अतिरिक्त बिजली के लिए भी नियमानुसार डिस्कॉम की ओर से भुगतान किया जाता है.
बल्दी ने कहा कि सूर्यघर योजना से उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में राहत मिल सकती है और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ सकें.
दीपावली से पहले लंबित कनेक्शन पूरे करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में एमडी ने राजस्व वसूली, विद्युत छीजत, रखरखाव कार्यों और लंबित विद्युत कनेक्शनों की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले लंबित कनेक्शनों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए तथा विद्युत लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य उपकरणों का आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए पहले से तैयारी की जाए. विद्युत आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारी सतर्क रहें और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें.
ऑनलाइन सिस्टम और पारदर्शिता पर जोर एमडी मुकेश कुमार बल्दी ने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए. उन्होंने राजस्व वसूली की स्थिति में सुधार लाने, लाइन लॉसेज पर नियंत्रण करने और रखरखाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नियमित समीक्षा की जाए.
बिजली चोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई एमडी ने बिजली चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष योजना के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे अनियमित तरीके से बिजली का उपयोग करने के बजाय वैध कनेक्शन लें और पात्रता के अनुसार पीएम सूर्यघर योजना से जुड़कर सौर ऊर्जा का लाभ उठाएं.
REPORTER- HANUMAN TANWAR