नकली अफसर-असली लूट, अजमेर में 'Special 26 : फाइल लेकर पहुंचे, 13 मिनट में उड़ाए 2 करोड़
Rajasthan News: अजमेर में बदमाशों ने सफेद कपड़े पहन दिनदहाड़े एक घर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. एक-दो आरोपियों के हाथ में कागजात और फाइलें थीं, जबकि एक व्यक्ति ने सफेद दस्ताने पहन रखे थे. इस तरह वे घरवालों को अधिकारी होने का विश्वास दिलाकर अंदर दाखिल हुए और तलाशी के बहाने वारदात को अंजाम दिया. आरोपी चार जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पाटले, एक सोने का हार और तीन मोबाइल ले गए.
Ajmer News: अजमेर जिले के नसीराबाद में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई. दिलवाड़ा बाइपास स्थित महेश विहार कॉलोनी में ट्रांसपोर्ट और मोटर पार्ट्स कारोबारी अनिल माहेश्वरी के घर सात बदमाश काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे. इनमें से पांच लोग खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर घर में घुसे और जांच के बहाने अलमारी के लॉकर से सोने के जेवर और मोबाइल निकाल लिए. बदमाश करीब 12 से 13 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है और नाकाबंदी के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेने की जानकारी सामने आई है.
जांच के बहाने घर में घुसे पांच बदमाश
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र की महेश विहार कॉलोनी में हुई. पुलिस के अनुसार, कारोबारी अनिल माहेश्वरी, उनके भाई और पिता उस समय अपने ऑफिस गए हुए थे. घर पर परिवार की महिलाएं, अनिल का बेटा कार्तिक और काम करने वाली महिला मौजूद थे.
इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो घर के बाहर आकर रुकी. गाड़ी पर टैक्सी की नंबर प्लेट लगी हुई थी. उसमें कुल सात लोग सवार थे. इनमें से पांच लोग गाड़ी से उतरकर सीधे घर में दाखिल हो गए, जबकि दो गाड़ी में ही बैठे रहे. घर में पहुंचने के बाद उन्होंने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया और जांच करने की बात कहकर कमरों की तलाशी शुरू कर दी.
सफेद कपड़े और फाइलें लेकर पहुंचे थे आरोपी
बदमाशों ने घरवालों को अपने अधिकारी होने का भरोसा दिलाने के लिए खास तरीका अपनाया. वे सफेद कपड़े पहनकर पहुंचे थे. इनमें से एक-दो लोगों के हाथ में कागजात और फाइलें थीं, जबकि एक आरोपी ने सफेद दस्ताने पहन रखे थे. इस तरह उन्होंने जांच का बहाना बनाया और घर के अंदर तलाशी लेने लगे.
परिवार के लोगों को लगा कि वे किसी सरकारी विभाग से आए हैं. इसी दौरान आरोपियों ने एक कमरे में रखे लॉकर से जेवर निकाल लिए. पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि घरवालों को संभलने का मौका नहीं मिला.
लॉकर से सोने के जेवर और तीन मोबाइल ले गए
पुलिस के अनुसार, बदमाश घर से चार जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पाटले, एक सोने का हार और तीन मोबाइल फोन लेकर निकले. चोरी किए गए सामान की कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है.
वारदात के बाद आरोपी तेजी से स्कॉर्पियो की ओर बढ़े. कारोबारी का बेटा कार्तिक भी उनके पीछे गाड़ी तक पहुंच गया. उसने आरोपियों से कहा कि अगर वे सरकारी विभाग से आए हैं, तो ले जाए जा रहे सामान की जब्ती की रसीद दें. कार्तिक ने गाड़ी के अंदर जाने की भी कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसकी बात नहीं मानी.
बेटे को धक्का देकर स्कॉर्पियो से हुए फरार
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कार्तिक को धक्का दिया और गाड़ी तेजी से आगे बढ़ा दी. इस दौरान जेवरात के साथ ले जाए गए एक मोबाइल को नौकरानी की ओर फेंकने की बात भी सामने आई है. इसके बाद आरोपी गेट से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए.
दिनदहाड़े घर में इस तरह हुई वारदात से कॉलोनी में हड़कंप मच गया. परिवार के सदस्यों में डर का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
CCTV फुटेज से सुराग जुटा रही पुलिस
सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में संदिग्धों को गाड़ी से उतरकर कारोबारी के घर में जाते हुए देखा गया है. पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से आरोपियों की पहचान और स्कॉर्पियो के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं.
वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई. अजमेर एसपी हर्ष वर्धन अग्रवाला के अनुसार, कुछ बदमाश इंकम टैक्स विभाग के अफसर बताकर घर में तलाशी के नाम पर तकरीबन 2 करोड़ रुपये के चार जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पाटले, एक सोने का हार और तीन मोबाइल फोन लेकर चले गए. हालांकि, पुलिस ने इस दौरान कुछ संदिग्धों को पकड़कर हिरासत में लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के साथ लूटे गए सामान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.