)
Ajmer Nagar Nigam Mayor Chunav 2026 : अजमेर में बीजेपी का बोर्ड बन गया है और बीजेपी से अनामिका शर्मा मेयर बनी हैं. निगम के 80 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 37,भाजपा के 32 और 11 निर्दलीय पार्षद जीते थे,बहुमत के लिए 41 पार्षदों का समर्थन जरूरी थे,ऐसे में दोनों प्रमुख दल बहुमत के आंकड़े से दूर थे. वोटिंग में 11 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका सबसे अहम रही और आखिरकार बीजेपी का बोर्ड बना. बीजेपी को 42, कांग्रेस को 37 और निर्दलीय को एक वोट मिला.
कौन है अनामिका शर्मा ?
अनामिका शर्मा भाजपा नेता सीताराम शर्मा की बहु हैं और उनके पति मनीष शर्मा अजमेर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष है.ये ही नहीं अनामिका शर्मा को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के करीबी नेता चेहरे के तौर पर जाना जाता है. पहली बार पार्षद बनी अनामिका शर्मा अब अजमेर की मेयर बन चुकी हैं.
बीजेपी-कांग्रेस ने अपना-अपना बोर्ड बनाने का किया था दावा
अजमेर नगर निगम की पूर्व नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली ने कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दावा किया था और कहा कि कांग्रेस के पास बहुमत के लिए आवश्यक संख्या पूरी है. तो वहीं दक्षिण से भाजपा विधायक अनिता भदेल ने बीजेपी का बोर्ड बनाने का दावा कर दिया था. भदेल ने कहा था कि क्रॉस वोटिंग कांग्रेस का कल्चर है लेकिन भाजपा का नहीं.
36 साल से भाजपा का दबदबा
अजमेर निकाय की राजनीति में पिछले साढ़े तीन दशक से भाजपा का दबदबा रहा है, साल 1990 में तत्कालीन नगर परिषद में भाजपा के रतनलाल यादव सभापति बने थे,इसके बाद 1995 में वीर कुमार,2000 में अनिता भदेल और 2005 में धर्मेंद्र गहलोत सभापति बने. 2010 में कांग्रेस के कमल बाकोलिया सीधे निर्वाचन प्रक्रिया से मेयर बने,लेकिन उस समय भी बोर्ड में भाजपा का बहुमत था,2015 में धर्मेंद्र गहलोत मेयर बने और 2021 में भाजपा की ब्रजलता हाड़ा अजमेर नगर निगम की पहली महिला मेयर बनीं.
कांग्रेस पार्षदों की ‘एक थीम’ में एंट्री और पुलिस से नोंकझोंक
अजमेर नगर निगम में मेयर पद के लिए वोटिंग के बीच कांग्रेस के पार्षद भी बाड़ेबंदी से बस के जरिए नगर निगम पहुंचे,इस दौरान बैरिकेड से अंदर प्रवेश को लेकर पुलिस ने कुछ देर के लिए बस को रोक दिया,जिससे मौके पर हंगामा हो गया और कांग्रेस के कई पदाधिकारियों की पुलिस अधिकारियों से बहस हुई,सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे,जिसके बाद कांग्रेस पार्षदों की बस को निगम परिसर में प्रवेश दिया गया और पुलिस की ओर से बस को चेक किया गया.
कांग्रेस पार्षद थीम बेस्ड ड्रेस
निगम परिसर में उतरने के बाद कांग्रेस पार्षद थीम बेस्ड ड्रेस में नजर आए,महिला पार्षदों ने एक ही रंग के कपड़े पहने थे,जबकि पुरुष पार्षद सफेद शर्ट,टी-शर्ट और कुर्ते में नजर आए,सभी पार्षद एक जैसी थीम में दिखाई दिए, वहीं इस दौरान कुछ निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस के साथ नजर आए.
अलवर: बीजेपी ने जीत दर्ज की
उदयपुर: बीजेपी (मेयर पद पर जीत)
पाली: बीजेपी ने कब्जा किया
बीकानेर: कांग्रेस ने जीत दर्ज की
अजमेर: बीजेपी ने जीत दर्ज की
भरतपुर: बीजेपी निर्विरोध विजेता रही
भीलवाड़ा: बीजेपी निर्विरोध विजेता रही