SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तेजस में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भरी करियर की आखिरी उड़ान: साथ आए कई फाइटर जेट, जानें क्या रहा खास

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने जोधपुर एयरबेस पर स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में अपने करियर की आखिरी उड़ान भरी. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. इसके साथ ही तरंग शक्ति-2026 बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास का समापन हो गया.

Written By Aman Singh
Published: Oct 13, 2026, 09:37 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 09:45 PM IST
Image Credit: Indian Air Force Website
Join

भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सोमवार को जोधपुर एयरबेस पर लड़ाकू विमान तेजस में अपने करियर की आखिरी उड़ान पूरी की. इसके साथ ही जोधपुर में आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का भी समापन हो गया. इस दौरान भारतीय और विदेशी लड़ाकू विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर अपनी हवाई युद्ध क्षमता और आपसी तालमेल का प्रदर्श किया.

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की आखिरी उड़ान

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की आखिरी फाइटर उड़ान के दौरान सुकोई-30, राफेल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के F-16, मिराज-2000 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान भी आसमान में नजर आए. भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने भी अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर हवाई प्रदर्शन किया.

भारतीय वायुसेना ने बताया करियर का ऐतिहासिक पल

भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया X पर लिखा- लड़ाकू विमान के कॉकपिट में बैठकर वायुसेना एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अपने करियर की आखिरी सॉर्टी पूरी की. यह उनके शानदार करियर का एक यादगार पल है, जो उड़ान के प्रति उनके गहरे जुनून और देश सेवा के प्रति अटूट समर्पण से बना है. एक्सरसाइज तरंग शक्ति-2026 के दौरान मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के साथ उड़ान भरते हुए यह सॉर्टी उस फाइटर पायलट की भावना को दर्शाती है, जो हमेशा आगे रहकर नेतृत्व करने में विश्वास रखता है. भले ही एक अध्याय समाप्त हो रहा हो, लेकिन जुनून कम नहीं हुआ है. आसमान में उड़ान का एक अध्याय भले ही खत्म हो जाए, लेकिन देश सेवा का मिशन जारी रहता है.

31 अक्टूबर को रिटायर होंगे एयर चीफ मार्शल एपी सिंह

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. उनके रिटायरमेंट के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख का पदभार संभालेंगे. तेजस में उनकी आखिरी फाइटर सॉर्टी उनके लंबे सैन्य करियर का एक खास पड़ाव रही.

इन 8 देशों के लड़ाकू विमानों ने लिया हिस्सा

26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर एयरबेस पर आयोजित तरंग शक्ति-2026 में 8 देशों के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया. जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, बांग्लादेश, श्रीलंका, भारत और संयुक्त अरब अमीरात शामिल रहे. इसके साथ ही 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने पर्यवेक्षक के तौर पर युद्धाभ्यास को देखा. तरंग शक्ति-2026 कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए.

क्या है तरंग शक्ति-2026 का उद्देश्य

तरंग शक्ति भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित प्रमुख बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास है. इस साल इसकी थीम "पावर इन पार्टनरशिप" रखी गई. युद्धाभ्यास का मुख्य उद्देश्य भारत और मित्र देशों की वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना, संयुक्त अभियानों की क्षमता को मजबूत करना और आधुनिक हवाई युद्ध की रणनीतियों का अभ्यास करना था. इस अभ्यास के जरिए विभिन्न देशों की वायुसेनाओं को एक साथ काम करने, अपने अनुभव साझा करने और परिचालन क्षमताओं को बेहतर बनाने का अवसर मिला.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES