एक ही परिवार में चौथी बार सांप का कहर, अब सोते समय 11 साल के मासूम को लेने आ गई मौत
Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर शहर की मोहन कॉलोनी में बिस्तर पर सो रहे 11 वर्षीय आयुष खान की सांप के काटने से मौत हो गई. परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार के अनुसार, यह उनके यहां सांप के काटने की चौथी बड़ी घटना है. इससे पहले परिवार के एक सदस्य की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोगों की जान उपचार से बच गई थी.
Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर शहर की मोहन कॉलोनी में सांप के काटने से 11 वर्षीय मासूम आयुष खान की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. परिजनों का कहना है कि उनके परिवार में सांप के काटने की यह चौथी बड़ी घटना है. वहीं, स्थानीय लोगों ने कॉलोनी में जलभराव और सफाई व्यवस्था की कमी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं.
बिस्तर पर सो रहा था आयुष, अचानक सांप ने डसा
जानकारी के अनुसार, मोहन कॉलोनी निवासी संजय खान का 11 वर्षीय बेटा आयुष रात को अपने घर में बिस्तर पर सो रहा था. इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया. सांप के काटने का पता चलने पर परिजन घबरा गए और आनन-फानन में आयुष को धौलपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
एक ही परिवार में सांप के काटने की चौथी घटना
परिजनों के मुताबिक, उनके परिवार में सांप के काटने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. करीब 15 साल पहले परिवार की एक महिला को सांप ने काट लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद परिवार की एक अन्य महिला को सांप ने डसा, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई. इसी तरह परिवार के छोटे भाई की पत्नी को भी सांप ने काट लिया था. उपचार के बाद वह बच गई थीं. अब 11 वर्षीय आयुष की मौत के साथ परिवार में सांप के काटने की चौथी बड़ी घटना सामने आई है.
जलभराव और जलकुंभी से बढ़ा खतरा?
मोहन कॉलोनी के स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है. खाली प्लॉटों में पानी जमा होने के साथ जलकुंभी और गंदगी फैली हुई है. लोगों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण सांप-बिच्छुओं का खतरा बढ़ गया है. उनका दावा है कि कॉलोनी की गलियों और घरों के आसपास आए दिन सांप दिखाई देते हैं.
प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
आयुष की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से खाली प्लॉटों की सफाई कराने, जलभराव दूर करने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े.