बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है और ऐसे में अब सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने में लगे हैं. तिरहुत से अभिषेक झा, पटना से नीरज कुमार और नवल किशोर यादव, सारण से आनंद पुष्कर, तो दरभंगा से सर्वेश सिंह और डॉ. घनश्याम राय समेत राजद-कांग्रेस के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया.
बिहार विधान परिषद की 8 स्नातक और शिक्षक सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. नामांकन की प्रक्रिया के दौरान पटना, तिरहुत (मुजफ्फरपुर), सारण (छपरा) और दरभंगा निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए, महागठबंधन और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया. एक तरफ जहां एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में बिहार सरकार के मंत्रियों और दिग्गज नेताओं की फौज एकजुट होकर जीत का दावा कर रही है. वहीं, दूसरी तरफ महागठबंधन और निर्दलीय उम्मीदवार भी ताल ठोक रहे हैं.
1/8
छपरा: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
आनंद पुष्कर के नामांकन सभा में जुटे एनडीए के दिग्गज, शिक्षकों से समर्थन की अपील. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर के नामांकन के अवसर पर सोमवार को शहर के सिटी गार्डन में भव्य सभा का आयोजन किया गया. सभा में बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सभी नेताओं ने एक स्वर में एनडीए को मजबूत करने और आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
2/8
एनडीए के दिग्गज नेता रहे मौजूद
सभा में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भूमि एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल, मंत्री सुनील कुमार, मंत्री श्रवण कुमार, उपमुख्यमंत्री विजयेंद्र यादव, विधायक रंधीर सिंह, मनोरंजन सिंह 'धूमल', सांसद विजय लक्ष्मी, पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, विधायक रामसेवक सिंह सहित एनडीए के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
3/8
NDA प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन
वहीं, पटना स्नातक से RJD के प्रत्याशी दिलीप कुमार ने भी अपना नामांकन दाखिल किया. दिलीप कुमार ने कहा कि अब मनमानी नहीं चलेगी और इस बार राजद की जीत पक्की है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार संजय यादव ने भी अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जो लगातार जीत रहे हैं, इस बार उनकी हार पक्की है.
4/8
पटना: पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
पटना स्नातक क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी और एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपना नामांकन किया. नीरज कुमार ने कहा कि जीत सुनिश्चित है. वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया. पांच बार से नवल यादव इस निर्वाचन क्षेत्र से विजयी हुए हैं और अब अपनी छठी पारी के लिए उन्होंने नामांकन दाखिल किया है. उनका दावा है कि इस बार भी वे चुनाव जीतेंगे.
5/8
अभिषेक झा, प्रत्याशी, जदयू
नामांकन करने पहुंचे जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि जनता-मालिकों को प्रणाम और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार, जिसने हम जैसे सामान्य कार्यकर्ता को सम्मान दिया है. हम नीतीश कुमार जी और सांसद देवेश चंद्र ठाकुर की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए लोगों की खूब सेवा करेंगे.
6/8
मुजफ्फरपुर: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता और NDA समर्थित प्रत्याशी अभिषेक झा ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र आयुक्त कार्यालय में दाखिल किया. इस दौरान हजारों की संख्या में समर्थक मौजूद थे. इस दौरान पूर्व एमएलसी और सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे. मुजफ्फरपुर पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने जीत के लिए शुभकामना दी और कहा कि पिछली बार जो भूल-चूक और गलती हुई थी, उन गलतियों को सुधार कर इस बार जीत के प्रति आश्वस्त हैं.
7/8
'एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए एकजुट कार्यकर्ता'
संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए एकजुट होकर चुनाव मैदान में जुटने की अपील की. उन्होंने कहा कि एनडीए विकास के मुद्दे पर प्रथम वरीयता का मत मांगेगा. वहीं, संजय झा ने भी एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया.
8/8
दरभंगा: विधान परिषद चुनाव
दरभंगा में विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए के प्रत्याशियों ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया. बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश सिंह और डॉ. घनश्याम राय के साथ जदयू के प्रत्याशी ने भी नामांकन किया. इस मौके पर आयोजित आशीर्वाद सभा में बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत एनडीए के नेता, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.