2026 का आखिरी महीना 1 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है. 1 तारीख के साथ ही आम आदमी की जेब पर कई वित्तीय बदलाव असर डालने वाले हैं. हर बार की तरह इस बार भी 1 दिसंबर को एलपीजी सिलेंडर के रेट में बदलाव हो सकता है. इसी तारीख से क्रेडिट कार्ड के यूज, बैंकिंग चार्ज, शेयर बाजार की ट्रेडिंग और इनकम टैक्स से जुड़े नियम में होने वाला बदलाव भी जानना जरूरी है. यदि आप सैलरीड क्लास हैं और निवेशक या नॉर्मल बैंक कस्टमर हैं तो किसी भी तरह के अतिरिक्त चार्ज और जुर्माने से बचने के लिए इन बदलावों के बारे में जानना आपके लिए जरूरी है. आइए जानते हैं 1 दिसंबर से लागू होने वाले बदलावों के बारे में-
1/7
एलपीजी के दाम में होगा बदलाव?
हर महीने की तरह सरकारी तेल कंपनियां इस बार भी 1 दिसंबर से एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव कर सकती हैं. उम्मीद की जा रही है तेल कंपनियां इस बार सिलेंर की कीमत में कटौती कर सकती हैं. इसके अलावा एलपीजी सिलेंडर की केवाईसी के नियमों में ढील नहीं दी गई. कस्टमर्सस के लिए एलपीजी सिलेंडर कनेक्शन की केवाईसी कराना जरूरी होगा. बिना केवाईसी वालों की सिलेंडर बुकिंग बंद नहीं की जाएगी.
2/7
SBI क्रेडिट कार्ड धारकों को झटका
1 दिसंबर से एसबीआई क्रेडिट कार्ड यूज करना थोड़ा महंगा होने जा रहा है. यदि आप ट्रांसपोर्ट से जुड़े चुनिंदा मर्चेंट कैटेगरी कोड पर 30,000 रुपये से ज्यादा का सिंगल ट्रांजेक्शन करते हैं तो आपको 1 फीसदी चार्ज और जीएसटी देना होगा. इसके अलावा पेट्रोल-डीजल पर खर्च करने वालों के लिए भी नियम बदले हैं. यदि एक बिलिंग साइकिल में आपका फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है तो पूरे फ्यूल बिल पर 1 फीसदी का चार्ज लगेगा. यह चार्ज केवल एक्स्ट्रा राशि पर नहीं बल्कि पूरे बिल पर वसूला जाएगा.
3/7
कमोडिटी ट्रेडर्स के लिए सेबी के नियम
शेयर और कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग करने वालों को 1 दिसंबर से अपने अकाउंट में ज्यादा पैसा रखना होगा. सेबी ने रिस्क मैनेजमेंट मजबूत करने के लिए मार्जिन नियमों को सख्त कर दिया है. नई व्यवस्था के तहत कमोडिटी के दाम में उतार-चढ़ाव के बेस पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन 6 फीसदी, 8 फीसदी या 10 फीसदी तय किया गया है. इसके साथ ही मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क को बढ़ाकर दो या तीन दिन कर दिया गया है.
4/7
सर्विस चार्ज में भी बदलाव
आईसीआईसीआई बैंक ने 1 दिसंबर 2026 से अपने सर्विस चार्ज में बदलाव करने का नोटिफिकेशन जारी किया है. इसका सीधा असर एनआरआई सेविंग अकाउंट होल्डर्स पर पड़ेगा. इसके तहत फ्री लिमिट के बाद कैश ट्रांजेक्शन करने पर प्रति 1,000 रुपये पर 3.50 रुपये की बजाय 4 रुपये चार्ज देना होगा. यह कम से कम 150 रुपये होगा. इसके अलावा यदि किसी महीने आपका ईसीएस डेबिट दूसरी और तीसरी बार फेल होता है तो हर बार 550 रुपये पेनाल्टी लगेगी.
5/7
टैक्सपेयर्स के लिए दो जरूरी डेडलाइन
दिसंबर टैक्सपेयर्स के लिहाज से भी अहम है. एलिजिबल टैक्सपेयर्स को 15 दिसंबर तक अपने अनुमानित एनुअल टैक्स का कम से कम 75 फीसदी हिस्सा एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त के रूप में जमा करना होगा. इसके अलावा 31 दिसंबर तक वर्ष 2025-26 के लिए बिलेटेड आईटीआर दाखिल करने का आखिरी मौका है. इस तारीख तक रिटर्न फाइल करने पर आमदनी के अनुसार 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की लेट फीस चुकानी होगी.
6/7
एमपीसी में बढ़ सकता है रेपो रेट
दिसंबर के पहले हफ्ते में सभी की नजरें आरबीआई पर टिकी रहेंगी. 4 दिसंबर को आरबीआई की एमपीसी ब्याज दर को लेकर अपना फैसला सुनाएगी. अक्टूबर में हुई बढ़ोतरी के बाद अभी रेपो रेट 5.50 प्रतिशत पर है. केंद्रीय बैंक के इस बार भी ब्याज दर में इजाफा करने की उम्मीद है. ऐसे में आपकी होम लोन और पर्सनल लोन की ईएमआई बढ़ सकती है. हालांकि, सेविंग करने वाले कस्टमर को एफडी पर बेहतर ब्याज दर का तोहफा मिल सकता है.
7/7
आधार के चार्ज से राहत
यूआईडीएआई ने आधार में ईमेल जोड़ने या अपडेट करने पर लगाई जाने वाले 75 रुपये की फीस को माफ कर दिया है. बिना चार्ज जमा किये आप 31 दिसंबर तक आधार में अपना ई-मेल जोड़ या अपडेट कर सकते हैं. इस सुविधा का फायदा आधार मोबाइल ऐप के जरिये लिया जा सकेगा. 31 दिसंबर के बाद इस सर्विस के लिए नॉर्मल चार्ज देना होगा. ऐसे में यदि आपको आधार में ई-मेल जोड़ना या अपडेट करना है तो 31 दिसंबर से पहले बिना चार्ज के ही इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं.