गुरुवार का दिन पश्चिम चंपारण के लिए ऐतिहासिक दिन रहा. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सागर पोखरा से राजदेवड़ी तक पदयात्रा की. इस दौरान हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और मुख्यमंत्री को अपना समर्थन दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजदेवड़ी में आयोजित सभा को संबोधित किया, जहां भारी भीड़ मौजूद रही.
संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अलग अंदाज और तेवर देखने को मिला. उन्होंने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' का नारा देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला. मुख्यमंत्री ने SIR के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पूरे देश में एक भी ऐसा मतदाता नहीं मिला, जो यह आरोप लगा सके कि उसे मतदान से वंचित होना पड़ा है.
1/6
SIR के नाम पर देश में अराजकता फैला रहा विपक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में SIR के दौरान 65 लाख नाम काटे गए थे. इनमें 36 लाख लोग दूसरे स्थान पर चले गए थे, 22 लाख लोगों की मृत्यु हो चुकी थी और सात लाख ऐसे लोग थे, जिनका नाम दो जगह दर्ज था. उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वे बिहार का कोई एक ऐसा मतदाता सामने लाएं, जो मतदान नहीं कर सका हो. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR के नाम पर देश में अराजकता फैला रहा है. उन्होंने लोगों से ऐसे नेताओं को पहचानने की अपील की.
2/6
एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और लालू यादव के शासनकाल पर भी निशाना साधा. इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार सात सीमेंट फैक्ट्रियां लगा रही है और एक करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि लाखों गरीबों के नाम राशन कार्ड में जोड़े जा रहे हैं.
3/6
चंपारण में बाढ़ से हुए नुकसान के स्थायी समाधान का दावा
मुख्यमंत्री ने चंपारण में आई बाढ़ और उससे हुए नुकसान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नेपाल में आई आपदा बिहार के लिए विपदा बन गई थी. बाढ़ के कारण कई बांध टूट गए और किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने योजना तैयार की है. वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक नदियों से गाद निकाली जाएगी और नदी किनारों का पक्कीकरण कराया जाएगा. जिन किसानों की फसल और जमीन बर्बाद हुई है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा.
4/6
पश्चिम चंपारण में बनेगा अटल पार्क, स्थापित होगी प्रतिमा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम चंपारण में अटल पार्क बनाने की घोषणा की. इसके साथ ही चंपारण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की बात भी कही.
5/6
बेतिया के जीएमसीएच की तारीफ की
बेतिया स्थित जीएमसीएच की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस अस्पताल में ढाई हजार ऑपरेशन होते थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 11 हजार हो गई है. उन्होंने दावा किया कि अब मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर नहीं किया जा रहा है.
6/6
कार्यक्रम में कई दिग्गज रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बेतिया के सांसद डॉ. संजय जायसवाल, मोतिहारी के सांसद राधा मोहन सिंह सहित कई विधायक और अन्य नेता मंच पर मौजूद रहे. बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विपक्ष पर हमलावर नजर आए और अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उनके भाषण के दौरान सभा में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.