Real Crime Documentary Series: एक रईस घर में मां-बाप की बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर जान ले ली गई. शक की सुई सीधे घर की बेटी पर जाकर टिक गई, लेकिन अदालत में जुर्म साबित न हो सका. आज 134 साल बाद भी ये खूनी राज बरकरार है कि उस खौफनाक दिन असल में हुआ क्या था?
134 साल बाद भी नहीं सुलझा केस
न जाने दुनिया में ऐसे कितने केस हैं, जो आज भी अनसुलझे हैं. किसने, कब, किसे, कैसे, क्यों मारा किसी को नहीं पता. हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सच्ची वारदात से जुड़ी एक ऐसी खौफनाक दास्तान सामने आई है, जो 134 साल से अनसुलझी है. ये पूरा मामला एक बहुत अमीर घराने की बेटी से जुड़ा है. उसके पिता और सौतेली मां अचानक अपने ही घर में बेहद हिंसक और डरावने तरीके से मरे हुए पाए गए थे. दोनों पर किसी कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया था. पुलिस का सीधा शक उस घर की बेटी पर गया, जिसके बाद उसे कटघरे में भी खड़ा किया गया.
1/5
सदियों पुरानी एक सच्ची खौफनाक कहानी
ये कहानी 19वीं सदी के न्यू इंग्लैंड इलाके के एक ऐसे रईस परिवार की है, जहां ऊपर से सब शांत दिखता था मगर अंदर घुटन भरी थी. घर की बेटी अपने पिता की बंदिशों और समाज के कड़े नियमों के बीच खुद को फंसा हुआ महसूस करती थी. उसके अकेलेपन के बीच घर की नौकरानी ब्रिजेट ‘मैगी’ सुलिवन के साथ उसका एक खास और गहरा रिश्ता बन गया. इसी बीच पिता एंड्रयू और सौतेली मां एबी की खौफनाक मौत ने हर किसी की जिंदगी पलट दी. वो बेटी रातों-रात इस कत्ल की सबसे बड़ी मुजरिम बन गई. हालांकि, पर्दे पर दिखाए गए कई रिश्ते और पर्सनल बातचीत राइटर्स की अपनी सोच पर आधारित हैं, जिन्हें पूरी तरह इतिहास का सच मानना सही नहीं होगा.
2/5
पर्दे पर उतरी अनसुलझी खूनी पहेली
इस पूरे मामले को एक सीरीज में ढालकर 17 सितंबर 2026 को ओटीटी ऑडियंस के सामने पेश किया गया है, जिसमें टोटल 8 एपिसोड हैं, जिनको एक साथ ह रिलीज किया गया. इसके 6 एपिसोड्स का डायरेक्शन मैक्स विंकलर ने किया है, जबकि बाकी के दो एपिसोड्स को सारा अदीना स्मिथ ने डायरेक्ट किया है. इस पूरे प्रोजेक्ट को लिखने और संभालने की कमान इयान ब्रेनन ने संभाली है. ये रयान मर्फी और ब्रेनन की मशहूर क्राइम कहानियों का चौथा नया सीजन है. इसमें डर, दिमागी खेल, खौफ और क्राइम का ऐसा मेल है, जो देखने वालों को बांधे रखता है. जिस फेमस शो की हम बात कर रहे हैं, उसका नाम ‘मॉन्स्टर: द लिजी बोर्डन स्टोरी’ है.
3/5
किरदारों में जान फूंकते कलाकार
‘मॉन्स्टर: द लिजी बोर्डन स्टोरी’ में लीड रोल लिजी बोर्डन को एला बेट्टी ने निभाया है और बहुत ही संजीदगी से पर्दे पर उतारा है. नौकरानी ब्रिजेट ‘मैगी’ के किरदार में विक्की क्रीप्स नजर आ रही है, वहीं चार्ली हन्नम ने पिता एंड्रयू बोर्डन और रेबेका हॉल ने सौतेली मां एबी बोर्डन के किरदार में नजर आ रहे हैं. इनके अलावा बिली लूर्ड ने बड़ी बहन एम्मा बोर्डन, जेसिका बार्डन ने एक्ट्रेस नांस ओ'नील और सारा पॉलसन ने एलीन वुओर्नोस का रोल किया है. पूरी कहानी लिजी के पुराने दिनों, मां-बाप के भयानक कत्ल, पुलिस की तफ्तीश, कोर्ट के ड्रामे और समाज में उसकी बनी एक खौफनाक पहचान को बहुत गहराई से लोगों के सामने रखती है, जो आखिर तक बांधे रखता है.
4/5
क्या है 1892 का असली इतिहास?
‘मॉन्स्टर: द लिजी बोर्डन स्टोरी’ की पूरी कहानी असल जिंदगी की सच्ची घटना पर ही बनाई गई है. दरअसल, 4 अगस्त 1892 के दिन मैसाचुसेट्स के फॉल रिवर शहर में एंड्रयू बोर्डन और उनकी पत्नी एबी बोर्डन अपने घर में खून से लथपथ मिले थे. पुलिस ने बेटी लिजी बोर्डन को गिरफ्तार किया और 1893 में अदालत में मुकदमा चला, लेकिन जूरी ने सबूतों की कमी के चलते उसे पूरी तरह बेकसूर करार देकर छोड़ दिया. इसलिए कानूनी तौर पर उसे हत्यारा कहना बिल्कुल गलत होगा. इस शो में मेकर्स ने अपनी तरफ से कहानी को थोड़ा और सनसनीखेज बनाया है, इसलिए इसे किसी ऐतिहासिक डॉक्यूमेंट्री की जगह एक ड्रामा समझकर ही देखा जाना चाहिए.
5/5
क्रिटिक्स की राय और कहां देखें?
इस सीरीज के आते ही लोगों और जानकारों की मिली-जुली राय सामने आई है. 18 सितंबर 2026 तक मेटाक्रिटिक पर चार शुरुआती रिव्यू के हिसाब से इसे 100 में से 54 का स्कोर मिला है. वैरायटी ने इसे 80 और डिसाइडर ने 70 का अच्छा स्कोर दिया, जबकि द ए.वी. क्लब ने 42 और द गार्जियन ने 40 स्कोर दिया है. कलाकारों के काम को तो सराहा गया, लेकिन असली इतिहास को ज्यादा मिर्च-मसाला लगाकर दिखाने पर सवाल भी उठे. भारत में ऑडियंस इसके सभी 8 एपिसोड नेटफ्लिक्स पर आराम से देख सकते हैं. इसके हिंदी ट्रेलर से साफ है कि इसे हिंदी में भी सुना जा सकता है. अगर आप भी इस तरह की सीरीज देखना पसंद करते हैं वीकेंड पर देख सकते हैं.