SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हजारों की डेंटल कैप, अंदर 5 रुपये का सिक्का? मरीजों की सेहत से खिलवाड़ का आरोप

महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर खराब क्वालिटी की डेंटल कैप इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 5 रुपये के सिक्के को पिघलाकर डेंटल कैप बनाई जा रही है. इस खबर के बाद महाराष्ट्र सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं.

Reported By Ashwini Kumar Pandey Edited By K. Raj Mishra
Published: Nov 20, 2026, 13:18 IST | Updated: Nov 20, 2026, 14:12 IST
Image Credit: 5 रुपये के सिक्के से डेंटल कैप बनाए जाने का आरोप (AI तस्वीर)
Join

दांतों के खराब होने या टूट जाने की समस्या से जूझ रहे लोगों को अक्सर डेंटिस्ट की ओर से डेंटल कैप (डेंटल क्राउन) लगवाने की सलाह दी जाती है. एक दांत में डेंटल कैप लगवाने में करीब 5 से 6 हजार रुपये का खर्च आता है. डेंटल कैप को को लेकर महाराष्ट्र से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों को चिंता में डाल दिया है. प्रदेश में बड़े पैमाने पर खराब क्वालिटी की डेंटल कैप इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 5 रुपये के सिक्के को पिघलाकर डेंटल कैप बनाई जा रही है. इसके अलावा बिना डिग्री वाले डेंटिस्ट (फर्जी डॉक्टर) लोगों का इलाज कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार को साल 2014 से अब तक डेंटल लैब में अनियमितताओं और गैर-मानक मटेरियल के इस्तेमाल को लेकर 350 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं.

सिर्फ 1,200 योग्य डेंटल टेक्नीशियन

महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक, प्रदेश में करीब 66 हजार रजिस्टर्ड डेंटिस्ट हैं. हालांकि, योग्य डेंटल टेक्नीशियन की संख्या सिर्फ 1,200 होने की जानकारी सामने आई है. प्रशिक्षित लोगों की कमी के कारण बिना ट्रेनिंग और डिग्री वाले ऑपरेटर भी इस काम में शामिल हो गए हैं. इसके अलावा प्रदेश में डेंटल क्राउन बनाने में घटिया सामग्री और 5 रुपये के सिक्कों को पिघलाकर इस्तेमाल करने के मामले सामने आए हैं. 5 रुपये के सिक्कों की कमी के लिए डेंटिस्ट को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.

इलाज के नाम पर सेहत से खिलवाड़!

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डेंटल क्राउन बनाने में सिरेमिक, जिरकोनिया, मेटल अलॉय और मेटल-सिरेमिक जैसे निर्धारित मटेरियल का इस्तेमाल होता है. 5 रुपये के सिक्के से बनी कथित कैप में धातुओं की गुणवत्ता, शुद्धता, फिटिंग और मजबूती की गारंटी नहीं होती, जिससे मरीजों को एलर्जी, मसूड़ों में जलन, सूजन और अन्य समस्याओं का खतरा हो सकता है.

सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन

खराब क्वालिटी की डेंटल कैप से जुड़ी शिकायतें सामने आने के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. इन शिकायतों के बाद महाराष्ट्र सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है. मंत्री हसन मुश्रीफ ने नई गाइडलाइन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अब रजिस्टर्ड डेंटिस्ट ही मरीज की जांच और इलाज कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि टेक्नीशियन को इलाज करने का अधिकार नहीं होगा. वे केवल डेंटिस्ट के निर्देश पर क्राउन, ब्रिज और नकली दांत तैयार कर सकेंगे.

डेंटिस्ट को रखना होगा पूरा रिकॉर्ड

इसके अलावा डेंटल मटेरियल बनाने वाली कंपनियों को मेडिकल डिवाइसेस रूल्स 2017 के तहत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स भी बिना लाइसेंस काम नहीं कर सकेंगे. इतना ही नहीं, अब डेंटिस्ट केवल लाइसेंस प्राप्त और रजिस्टर्ड कंपनियों-डीलर्स से ही सामान खरीद सकेंगे. इसके अलावा मरीज के रिकॉर्ड में इस्तेमाल किए गए मटेरियल का बैच नंबर और सप्लायर की जानकारी भी दर्ज करनी होगी. इसका फायदा यह होगा कि अगर कोई प्रोडक्ट खराब निकलता है या मरीज को रिएक्शन होता है, तो उसके सोर्स का पता लगाकर उस पर कार्रवाई की जा सकेगी.

ये भी पढ़ें- काजू कतली पर लगी नकली 'चमक' आपकी किडनी खराब कर देगी? पकड़ा गया रैकेट, इन दो तरीकों से करें असली वर्क की पहचान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अश्विनी कुमार पांडेय Zee News में पॉलिटिकल एडिटर हैं. उन्हें 19 साल का अनुभव है. महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले अश्विनी को पॉलिटिकल स्टोरीज में महारत हासिल है. महाराष्ट्र में शिवसेना में टूट की खबर ब्रेक की थी, इस टूट के बाद उद्धव ठाकरे की सरकार गिर गई थी. महाराष्ट्र के नाशिक में बांस की लकड़ी पर चलकर नदी पार करने वाले गांव वालो की स्टोरी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने गांव वालों के लिए नदी पर तत्काल पुल बनवाया, जिसके चलते गांव वालों की परेशानी खत्म हुई. इस कवरेज के लिए उनको बेस्ट रूरल रिपोर्टिंग कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड मिला था. अश्विनी कुमार पांडेय ने BMM, MBA और एलएलबी भी किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES