SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

काजू कतली पर लगी नकली 'चमक' आपकी किडनी खराब कर देगी? पकड़ा गया रैकेट, इन दो तरीकों से करें असली वर्क की पहचान

क्या आप जो काजू कतली खा रहे हैं? उसमें लगा चांदी का वर्क कहीं आपको बीमार तो नहीं कर रहा, वो इसलिए क्योंकि हैदराबाद में पुलिस ने चार ऐसी यूनिट पकड़ी हैं, जहां खाने वाली चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम की पन्नियां बनाई जा रही थीं, जो किडनी को नुकसान पहुंचाने वाली है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 19, 2026, 21:55 IST | Updated: Nov 19, 2026, 22:12 IST
Image Credit: पुराने हैदराबाद शहर में पकड़ा चांदी का नकली वर्क बनाने वाला गिरोह (एआई इमेज)
Join

मिलावटखोरों ने काजू कतली की मिठास को भी नहीं छोड़ा, काजू कतली में आप जो चमकदार चांदी का वर्क देखते हैं, असल में उसे ही मुनाफे के लिए जहर बना दिया. हैदराबाद के चारमीनार और उसके आसपास पुलिस ने ऐसे ही गोरखधंधे का खुलासा किया है, जहां सस्ती एल्युमिनियम का इस्तेमाल करके नकली चांदी का वर्क तैयार किया जा रहा था और उसे बाजारों में धड़ल्ले से बेचा जा रहा था.

पुलिस के मुताबिक, पुराने हैदराबाद शहर के संकरे इलाकों में मिलावटखोरी के एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. बताया जा रहा है कि वहां पर शुद्ध चांदी के नाम पर सस्ते एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल करके नकली चांदी का वर्क तैयार किया जा रहा था. इसके बाद उसे शहर और आसपास के बाजारों में धड़ल्ले से खपाया जा रहा था.

कैसे चल रहा था यह गोरखधंधा?

इस गोरखधंधे की सूचना मिलने पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने चारमीनार के आसपास लाड बाजार, गुलजार हौज और मगलहाट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में छापेमारी की. जांच में पता चला कि अधिक मुनाफा कमाने की लालच में मिलावटखोर असली चांदी के बजाय बेहद सस्ते एल्युमिनियम फॉयल का सहारा ले रहे थे. इसे इतना पतला पीटा जाता था कि पहली नजर में वह असली चांदी के वर्क जैसा ही दिखता था. कई मामलों में तो चमक बढ़ाने और रूप-रंग बदलने के लिए संदिग्ध रसायनों का भी इस्तेमाल किया जाता था. तैयार माल को आकर्षक पैकेटों और फर्जी लेबलों के जरिए मिठाई की दुकानों, पान वालों और थोक विक्रेताओं तक पहुंचाया जा रहा था.

सेहत को पहुंचा सकता है भारी नुकसान

डॉक्टरों का कहना है कि खाद्य पदार्थों के साथ एल्युमिनियम या अन्य भारी धातुओं का सेवन शरीर के लिए बेहद हानिकारक है. एल्युमिनियम धीरे-धीरे शरीर में जमा होकर पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे पेट में जलन, अल्सर और पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से किडनी और तंत्रिका तंत्र पर भी बुरा असर पड़ सकता है. अस्वच्छ माहौल में तैयार होने की वजह से इसके सेवन से बैक्टीरियल संक्रमण और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं.

असली और नकली चांदी के वर्क को कैसे पहचानें?

ऐसे में आम उपभोक्ताओं के लिए यह समझना बेहद जरूरी हो जाता है कि वे मिठाई खाने से पहले इस बात की जांच कर लें कि उस पर जो वर्क लगा है, वो असली है या नकली. एक्सपर्ट इसकी जांच के लिए कुछ आसान घरेलू ट्रिक सुझाते हैं, जिन्हें आपको भी जानना चाहिए.

ये भी पढ़ें- खून से लथपथ थी एयर होस्टेस, पर आरोपी को खरोंच तक नहीं! फिर कैसे हुआ वर्षा का मर्डर, परिवार ने किए चौंकाने वाले खुलासे

रगड़कर जांच: आप चांदी के वर्क को हाथ में लें. इसके बाद उंगलियों के बीच उसे हल्के से रगड़ें. ऐसा करने पर अगर वह आसानी से घुल जाए या त्वचा में समा जाए, तो समझ लें कि वह असली सिल्वर फॉइल है. वहीं, अगर उंगली पर रगड़ने के बाद वह छोटी गोल गेंद या सख्त टुकड़े में बदल जाए, तो समझ लें कि उसमें एल्युमिनियम या मिलावट हो सकती है.

आग से जांच: चांदी के वर्क की जांच का यह दूसरा तरीका है. आप चांदी के वर्क के छोटे हिस्से को लौ के पास ले जाएं. ऐसा करने पर अगर वो चमकदार बूंद के रूप में प्रतिक्रिया दे तो समझ लें कि वह असली है. वहीं उसके काला पड़कर राख या पपड़ी बनने पर मिलावट की आशंका होती है.

मिठाई खाते समय रहें सतर्क

एल्युमिनियम से तैयार हो रहा नकली चांदी का वर्क, दिमाग, किडनी, हड्डियों और पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाता है. इसलिए जब भी चांदी के वर्क वाली मिठाई खाए तो सतर्क और सुरक्षित जरूर रहे
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES