)
5700 किमी का सफर, वह भी सिर्फ 4 दिनों में. रास्ते में ना खाना-पानी और ना ही कोई आराम... सुनने में यह असंभव लगेगा, लेकिन भारतीय बाज 'अलंग' ने इसे सच साबित करके पूरी दुनिया को चौंका दिया है. 'अलंग' ने हैरान करने वाली उड़ान भरकर सिर्फ 4 दिन में मणिपुर से सोमालिया का कठिन सफर पूरा कर लिया. अफ्रीकी देश तक के अपने इस कठिन सफर के दौरान 'अलंग' ना कुछ खाया और ना ही पानी पिया. सफर के दौरान उसने कहीं आराम नहीं की. अलंग का साथी 'अपापांग' भी उसी के पीछे दक्षिण अफ्रीकी देश के सफर पर है. बता दें कि अलंग 'अमूर फाल्कन' श्रेणी का बाज पक्षी है और यह पक्षी अपनी लगातार उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. यह पक्षी हर साल सर्दी के मौसम में दक्षिणी अफ्रीकी देशों की ओर माइग्रेट करते हैं.
'अलंग' और 'अपापांग' का शानदार सफर
पक्षियों का ट्रैकिंग डेटा रखने वाले वन्य अधिकारियों ने 'अलंग' और 'अपापांग' की ताजा स्थिति की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि अलंग बिना कहीं रुके या कुछ खाए-पिए सीधे अफ्रीकी तट तक पहुंच गया है, जबकि अपापांग अभी रास्ते में है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षी हाल ही में 23 देशों की यात्रा करके भारत पहुंचे थे. दक्षिण अफ्रीकी देशों की यात्रा पर निकलने से पहले दोनों पक्षियों ने मणिपुर के तामेंगलोंग जिले के जंगल में करीब 25 दिन आराम किया था. अपने सफर पर निकलने से पहले दोनों ने खूब खा-पीकर ताकत जुटाई थी. भारत से रवाना होने से पहले दोनों पक्षी पूरी तरह से स्वस्थ्य थे.

दोनों पक्षियों से प्रभावित हुईं IAS सुप्रिया साहू
दोनों पक्षियों ने तमिलनाडु की IAS अफसर सुप्रिया साहू को काफी प्रभावित किया है. IAS सुप्रिया साहू ने दोनों बाज पक्षियों को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा कि अमूर फाल्कन बाज 'अलंग' ने मणिपुर से सोमालिया का सफर पूरा कर लिया है. उन्होंने बताया कि अलंग ने अपने शानदार में 101 घंटे की लगातार उड़ान भरी और सोमालिया पहुंच गया. अपापांग की जानकारी देते हुए IAS सुप्रिया साहू ने लिखा कि वह भी अपने साथी के पीछे-पीछे 95 घंटों में 4,100 किलोमीटर का सफर तय कर चुका है. हालांकि, वह अभी भी अरब सागर के ऊपर उड़ रहा है.
3 अमूर फाल्कन पर लगाए गए थे ट्रांसमीटर
बता दें कि वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के 'लुप्तप्राय प्रजाति प्रबंधन विभाग' के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कुमार ने पिछले साल मणिपुर के एक गांव में तीन अमूर फाल्कन पक्षियों पर ट्रांसमीटर लगाए थे. इनमें से एक ट्रांसमीटर काम करना बंद कर दिया है. बाकी दो फाल्कन 'अपापांग' और 'अलांग' को लगातार ट्रैक किया जा रहा है. दोनों पक्षी पिछले महीने 22 अक्टूबर को ही 23 देशों की यात्रा करके मणिपुर लौटे थे. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसकी जानकारी दी थी. केंद्रीय मंत्री ने दोनों पक्षियों की तस्वीरें साझा करते हुए इन्हें 'ग्लोबल सिटीजन' बताया था.