)
बकरी, गाय-भैंस का दूध तो आप रोज पीते होंगे, लेकिन क्या आपने कभी गधी का दूध पीने के बारे में सोचा है? इसकी कीमत सुनकर आप हैरान रह जाएंगे. बताया जाता है कि भारत में गधी का दूध 8 से 10 हजार रुपए लीटर तक बिकता है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी कीमत 25 से 30 हजार रुपए प्रति लीटर तक बताई गई है. आखिर इस दूध में ऐसा क्या है, जो गाय-भैंस के दूध से कई गुना महंगा बिकता है.
गधी के दूध की कीमत ज्यादा होने की सबसे बड़ी वजह इसका कम उत्पादन बताया जाता है. मिली जानकारी के मुताबिक, गाय-भैंस की तुलना में गधी बहुत ही कम दूध देती है. एक गधी एक दिन में करीब एक से डेढ़ लीटर दूध ही मिलता है. ऐसे में बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन करना आसान नहीं होता है. दूध निकालने से लेकर उसे बाजार तक पहुंचाने में काफी मेहनत लगती है. यही वजह है कि आम दूध के मुकाबले इसकी कीमत कई गुना होती है.
बताया जाता है कि गधी का दूध कई देशों में पीने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा, इस दूध को फार्मा कंपनी दवा बनाने और स्किन केयर इंडस्ट्री में इस्तेमाल करती हैं. इसमें कैल्शियम, पोटेशियम, प्रोटीन और विटामिन ए, सी, डी, ई समेत बी कॉमप्लेक्स पाए जाते हैं. इस दूध की सबसे खास बात यह है कि गाय और भैंस के दूध के मुकाबले फैट और कैसीन प्रोटीन की मात्रा होती है.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गधी का दूध सिर्फ पीने के काम नहीं आता है, बल्कि इससे दुनिया की सबसे महंगी चीज में गिना जाता है. इसका इस्तेमाल खास तरह की चीज में किया जाता है, जिसे पुले चीज कहा जाता है. इसकी कीमत 80 हजार रुपए प्रति किलो तक बताई जाती है.
पुले चीज, सर्बिया में बनने वाला एक बेहद दुर्लभ पनीर माना जाता है, जिसे दुनिया की सबसे महंगी चीजों में गिना जाता है. बताया जाता है कि इसे बनाने के लिए 60 फीसदी गधी के दूध और 40 फीसदी बकरी के दूध का इस्तेमाल किया जाता है. इसे बनाना आसान नहीं होता है. एक किलो पुले चीज बनाने के लिए लगभग 25 लीटर गधी के दूध की जरूरत पड़ती है. एक गधी से दिनभर में बहुत कम दूध मिलता है, इसलिए इसे तैयार करने में काफी समय और मेहनत लगती है. इसी वजह से इसकी कीमत इतनी ज्यादा होती है.
बाजारों में गधी के दूध की बढ़ती कीमतों के देखते हुए हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कंदरौर में पहला संगठित डंकी फार्म शुरू किया गया है. इसे डेयरिका फॉर्म प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से इसकी शुरुआत की है. इस फॉर्म में 20 मादा और 2 नर गधे शामिल हैं.
बता दें कि 14 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने इस फार्म का उद्घाटन किया है. कंपनी ने गधी के दूध की फार्मास्युटिकल और स्किन केयर इंडस्ट्री में मांग को देखते हुए इस काम की शुरुआत की है. फार्म की तरफ से बताया गया है कि यहां गधी का दूध लिक्विड रूप में 5,000 से 7,000 रुपये प्रति लीटर तक बिक सकता है. वहीं, पाउडर के रूप में इसकी कीमत एक लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा हो सकती है.
फार्म की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, शरुआती दौर में रोजाना करीब 3 लीटर का उत्पादन होता है. यह भी बताया है कि कंपनी आने वाले समय में इसे बढ़ाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए दिल्ली, बद्दी और यूरोप के बाजारों में दूध की सप्लाई को लेकर संपर्क किया जा रहा है.