SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Zee SPL: ट्रंप से मुलाकात से लेकर क्वाड और आसियान समिट तक, एक्सपर्ट ने बताया पीएम मोदी के मनीला दौरे के 5 बड़े मायने

पीएम मोदी के मनीला दौरे के क्या हैं बड़े कूटनीतिक मायने? ट्रंप से मुलाकात से लेकर क्वाड और आसियान समिट तक, विदेश नीति के एक्सपर्ट से समझिए इसके 5 प्रमुख पहलू.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 18, 2026, 19:57 IST | Updated: Nov 18, 2026, 20:06 IST
Image Credit: AI Generated Image - मनीला में एक ही यात्रा और तीन बड़े समिट: एक्सपर्ट ने बताया पीएम मोदी के इस दौरे से भारत को क्या मिला?
Join

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला की अपनी दो दिवसीय बेहद सफल यात्रा पूरी कर नई दिल्ली लौट आए हैं. इस अहम दौरे के दौरान पीएम मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड लीडर्स की बैठक में हिस्सा लिया. इसके साथ ही, उन्होंने मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान जाकर मत्था टेका और इसके पुनर्विकास कार्य की शुरुआत से जुड़े समारोह में भी शामिल हुए.

वहीं, क्वाड समिट में पीएम मोदी ने इस समूह को इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए एक 'रचनात्मक और भरोसेमंद' साझेदारी करार दिया. 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में उन्होंने नाविकों की सुरक्षा के लिए एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि साझा समृद्धि के लिए समुद्री सुरक्षा और नेविगेशन की स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है. मनीला में आसियान, ईस्ट एशिया समिट और क्वाड समिट में शामिल होने के बाद पीएम मोदी स्वदेश लौट आए हैं. इस बैठक को कई मायनों में खास माना जा रहा है. इस मामले के एक्‍सपर्ट दिल्ली यूनिवर्सिटी के दयाल सिंह कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार से इन 5 सवालों के जवाब जानेंगे...

सवाल - मनीला में हुए क्वाड बैठक से भारत को क्या मिला?

जवाब- मनीला में हुई क्वाड लीडर्स समिट ने भारत की कूटनीतिक स्थिति को और मजबूती दी है. भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. भारत को 2027 की पहली तिमाही में क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम की मेजबानी का प्रस्ताव मिला है. इससे व्यापारिक साझेदारी, कारोबारी समझौते और निजी क्षेत्र के रिश्ते मजबूत होंगे. बैठक में इंडो-पैसिफिक मैरीटाइम सर्विलांस सहयोग की घोषणा भी की गई. इसके तहत पहली बार क्वाड देशों के P-8 और P-3C गश्ती विमान अभ्यास करेंगे. इससे समुद्री सुरक्षा, अवैध मछली पकड़ने और तस्करी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा समुद्र के नीचे ऊर्जा और दूरसंचार केबल नेटवर्क, साइबर सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी. आर्थिक दबाव और एकतरफा कार्रवाइयों का विरोध भी किया गया. ये फैसले भारत की समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करेंगे. भारत के बिना क्वाड की सफलता की कल्पना मुश्किल है.

सवाल - आसियान और ईस्ट एशिया समिट में पीएम मोदी के शामिल होने से भारत को मिलने वाले फायदे क्या हैं?

जवाब- आसियान और ईस्ट एशिया समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी से वैश्विक मंच पर भारत की साख मजबूत हुई है. आसियान-भारत समिट ने भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और महासागर विजन को नई दिशा दी है. भारत ने आसियान देशों के नागरिकों के लिए मुफ्त ई-टूरिस्ट वीजा देने की घोषणा की. इसके अलावा समुद्री सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, कोस्ट गार्ड, साइबर सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में कई प्रस्ताव रखे. आपदा प्रबंधन पर संयुक्त वक्तव्य भी अपनाया गया. वहीं, ईस्ट एशिया समिट में समुद्री सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता और साइबर अपराधों से निपटने पर जोर दिया गया. पीएम मोदी ने नाविकों की सुरक्षा के लिए नाविक सुरक्षा पहल का प्रस्ताव रखा. इन पहलों से क्षेत्रीय शांति, व्यापार, पर्यटन, तकनीक और आपसी संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ेंः Zee Spl: मनीला में पीएम मोदी, शेनझेन में ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग; नई बिसात पर भारत का क्या होगा रोल? एक्सपर्ट ने बताया

सवाल - क्वाड मीटिंग से पहले पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के मायने क्या हैं?

जवाब- क्वाड बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है. भारत पर अमेरिकी टैरिफ नीति के चलते दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आया है. जून 2026 में G7 बैठक के दौरान हुई मुलाकात के बाद यह दोनों नेताओं की महत्वपूर्ण बातचीत है. ट्रंप ने मोदी को 'बहुत मजबूत व्यक्ति' और महान नेता बताया था. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनौतियों से घिरे ट्रंप के लिए यह बैठक भी अहम है. इससे भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और व्यक्तिगत रिश्तों को मजबूती मिल सकती है. चीन यात्रा से पहले यह मुलाकात इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिकी प्रतिबद्धता का संकेत भी है. साथ ही व्यापार, टैरिफ, रक्षा, तकनीक और सप्लाई चेन पर चर्चा का अवसर मिलेगा.

सवाल - आसियान बैठक में क्या प्रस्ताव पारित हुए और इनका भारत पर सीधा प्रभाव क्या होगा?

जवाब- आसियान बैठक में पारित प्रस्तावों का भारत पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है. आपदा प्रबंधन पर भारत-आसियान संयुक्त बयान के तहत चेतावनी प्रणाली, सैटेलाइट डेटा साझा करने, संयुक्त प्रशिक्षण और मानवीय सहायता में सहयोग बढ़ेगा. वहीं, ईस्ट एशिया समिट में ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने पर सहमति बनी. UNCLOS के पालन और व्यापार में पारदर्शिता पर जोर देना भी अहम कदम है. इसके अलावा, MSME, डिजिटल अर्थव्यवस्था, क्रिटिकल मिनरल्स और तकनीकी साझेदारी से आर्थिक अवसर बढ़ेंगे. वीजा सुविधाओं से पर्यटन और लोगों का आपसी संपर्क मजबूत होगा. ये सभी पहल भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी को नई मजबूती देंगी.

सवाल - एक साथ मनीला में तीन सम्मेलन में शामिल होना कैसे पीएम मोदी की कूटनीतिक सफलता को दर्शाता है?

जवाब- मनीला में तीन बड़े सम्मेलनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी भारत की मजबूत कूटनीतिक भूमिका को दिखाती है. आसियान-भारत, ईस्ट एशिया समिट और क्वाड के मंच पर एक साथ सक्रिय रहकर भारत ने संतुलित विदेश नीति का संदेश दिया. बिजनेस फोरम, समुद्री अभ्यास, मुफ्त वीजा और आपदा सहयोग जैसी घोषणाएं इस यात्रा को खास बनाती हैं. प्रमुख नेताओं से मुलाकात और क्षेत्रीय शांति पर जोर भी अहम रहा. यह छोटी लेकिन महत्वपूर्ण यात्रा भविष्य में ठोस नतीजे दे सकती है.

यह भी पढ़ेंः ZEE SPECIAL: बनारस-पटना-नागपुर में MLC चुनाव क्यों हारी BJP? ऐसे 5 सवालों का एक्सपर्ट ने दिया जवाब

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES