मनीला में पीएम मोदी, शेनझेन में ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग; नई बिसात पर भारत का क्या होगा रोल? एक्सपर्ट ने बताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय फिलीपींस की राजधानी मनीला में हैं. वह आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं. वहीं, इसके अगले दिन चीन में पुतिन, ट्रंप और जिनपिंग की महाबैठक होने जा रही है. आने वाले कुछ दिन वैश्विक राजनीति के लिहाज से काफी अहम हैं.
वैश्विक राजनीति के लिए अगले कुछ दिन काफी अहम साबित होने वाले हैं. जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दो दिवसीय फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर हैं, तो इसके अगले दिन यानी 18-19 नवंबर को चीन के शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ एक मेज पर होंगे. इससे पहले मनीला में पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बैठक होने वाली है.
ऐसे में दुनिया की बड़ी शक्तियों का एक साथ एक मंच पर एक बार में मिलना, कई बातों के संकेत दे रहा है. मंगलवार (17 नवंबर) को आसियान-भारत शिखरवार्ता के मंच से पीएम मोदी ने कहा कि भारत जो संकल्प करता है, उसे पूरा करके दिखाता है. इसके साथ ही उन्होंने दुनिया को वैश्विक चुनौतियों से निपटने की राह दिखाई है. मनीला में ट्रंप और मोदी की मुलाकात पर दुनिया की निगाहें टिकी हैं.
दरअसल, पीएम मोदी का मनीला दौरा ऐसे समय पर हुआ है, जब अमेरिका, रूस और चीन के बीच नई रणनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश लगातार की जा रही है. ऐसे में भारत इन तीनों देशों के साथ अपने रिश्तों को संतुलित रखते हुए इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी भूमिका मजबूत करना चाहता है. पीएम मोदी की फिलीपींस यात्रा, ट्रंप के साथ बैठक और चीन में होने वाली तीनों महाशक्तियों की बैठक से पड़ने वाले प्रभाव को लेकर हमने दयाल सिंह कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार से बातचीत की. पूरा साक्षात्कार...
सवाल: PM मोदी के लिए भारत-आसियान समिट इतना खास क्यों है?
जवाब: आज पूरा विश्व तेजी से बदल रहा है और पावर पॉलिटिक्स का नया धुरी बन रहा है. इस खास स्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में Act East Policy राष्ट्रीय हित और क्षेत्रीय शक्ति संतुलन के रूप में काम कर रहा है. आसियान संगठन की आज के परिवेश में उपयोगिता बढ़ रही है. चूंकि, इस संगठन का उद्देश्य पुरानी सभ्यागत संबंधों पर आधारित साझेदारी, आधुनिक परिवेश में व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच संबंधों तक फैल चुकी है.
साल 2026 को ASEAN-India Year of Maritime Cooperation घोषित किया गया है. समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी और समुद्री कनेक्टिविटी पर फोकस बढ़ रहा है. वहीं, बैलिट्रल व्यापार करीब 122-128 बिलियन डॉलर हो चला है. ऐसे में भारत व्यापार घाटे को कम करने के लिए Free Trade Agreement की समीक्षा पूरी करने के साथ-साथ निवेश-सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर दे रहा है.
सवाल: ईस्ट एशिया समिट के देशों की सबसे बड़ी अड़चन क्या है?
जवाब: ईस्ट एशिया समिट के देशों की सबसे बड़ी अड़चन 19 देशों 11 आसियान+ भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका, रूस के बीच सहमति है. अभी तक के प्रयास अक्सर कमजोर और सामान्य बयानों तक सीमित रहे हैं. अन्य चुनौतियां म्यांमार संकट, दक्षिण चीन सागर में तनाव (Code of Conduct पर प्रगति धीमी), थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद और प्रमुख शक्तियों अमेरिका-चीन-रूस के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा है. हालांकि, इसके बावजूद भी हम यह कह सकते है की यह एकमात्र ऐसा मंच है, जहां सभी प्रमुख शक्तियां एक साथ बैठती हैं.
सवाल: मनीला में क्वाड की बैठक से भारत को कौन से बड़े फायदे होंगे?
जवाब: मनीला में क्वाड की बैठक दो साल बाद हो रही है. यह लीडर्स समिट कई मायनों में महत्वपूर्ण है. इस क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, भारत हिस्सा लेंगे. इस बैठक का मुख्य मुद्दा समुद्री सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स सप्लाई चेन, एनर्जी सिक्योरिटी और शिपिंग लेन की सुरक्षा पर फोकस रहने वाला है. भारत को क्रिटिकल मिनरल्स, सेमीकंडक्टर और AI में सहयोग से चीन पर निर्भरता कम करने का मौका मिलेगा.
सप्लाई चेन रेजिलिएंस और प्राइवेट इन्वेस्टमेंट बढ़ाने की पहल हो सकती है. दक्षिण चीन सागर और इंडो-पैसिफिक में नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया भी जाएगा. आसियान देशों के साथ समुद्री सहयोग बढ़ाने में मदद. ट्रंप के साथ मुलाकात से भारत-अमेरिका संबंधों को रीसेट करने और व्यापार/टैरिफ मुद्दों पर चर्चा का अच्छा अवसर है.
सवाल: चीन जाने से पहले ट्रंप क्वाड नेताओं से क्यों मिल रहे हैं?
जवाब: ट्रंप शेनझेन (APEC) में शी जिनपिंग और संभवतः पुतिन से मुलाकात करने जा रहे हैं. क्वाड बैठक पहले कर वे इंडो-पैसिफिक में सहयोग और स्थिरता का संदेश दे रहे हैं. यह चीन को संकेत है कि क्वाड सक्रिय है और क्षेत्र में साझा हित समुद्री सुरक्षा, सप्लाई चेन मजबूत हैं. बीजिंग क्वाड को घेराबंदी मानता है.
ट्रंप के लिए यह अपनी पहली क्वाड लीडर्स समिट है. सहयोगियों भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया के साथ एकजुटता दिखाकर चीन के साथ बातचीत में मजबूत स्थिति हासिल करना चाहता है. ट्रंप घरेलू स्तर पर घिरे हुए है और क्रिटिकल मिनरल्स और शिपिंग सुरक्षा जैसे व्यावहारिक मुद्दों पर सहयोग आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे. खासकर जब अमेरिका-चीन प्रतिस्पर्धा जारी है.
फिलीपींस के दौरे पर PM मोदी, तो चीन में मिलेंगे ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग
वैश्विक राजनीति के लिहाज से अगले कुछ दिन काफी अहम हैं. पीएम नरेंद्र मोदी फिलीपींस के दौरे पर हैं, जहां पर वह आसियान, ईस्ट एशिया और क्वाड शिखर ले रहे हैं. भारत की कूटनीतिक सक्रियता के बीच दुनिया कि नजरें शेनझेन पर भी टिकी हैं. 18-19 नवंबर को यहां पर APEC शिखर सम्मेलन आयोजित होना है.
करीब 8 दशक बाद तीन महाशक्तियों के एक साथ बैठने के कारण और इसमें होने वाली चर्चा को लेकर इसको अनौपचारिक रूप से परमाणु बैठक भी कहा जा रहा है. इसकी तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से भी की जा रही है, जो साल 1945 में हुआ था. इस बैठक में शामिल होने वाले तीनों देशों के अपने एजेंडे हैं. बैठक का सीधा असर भारत पर भी देखने को मिल सकता है. भारत को तीनों महाशक्तियों के बीच संतुलन बनाते हुए अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देनी होगी.
यह भी पढ़ें: मनीला में मोदी नीति: वैश्विक चुनौतियों से कैसे जीतेगा आसियान? प्रधानमंत्री ने दिखाया रास्ता