हसीना के हुस्न में उलझे अमेरिका के चिप किंग! चीन की महिला जासूस के जाल में फंसे एनवीडिया के CEO, US के उड़े होश
अमेरिका और चीन में इन दिनों चिप सेक्टर में दबदबे को लेकर होड़ चल रही है. इस होड़ में आगे निकलने के लिए चीन किसी भी हद तक जाने को बेकरार लगता है. इसके लिए महिला जासूस के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया है.
चीन और अमेरिका के बीच चल रहे चिप वॉर का नया अध्याय हनी ट्रैप है. इसमें दो मुख्य किरदार हैं. नंबर एक- चीन की महिला जासूस और नंबर दो- दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के CEO. चीन के सैन्य रणनीतिकार सुन जू की किताब The Art of War, के चैप्टर-वन में लिखा है, 'युद्ध की पूरी रणनीति छल और भ्रम पर आधारित होती है.' माना जा रहा है कि चीन ने इस बार यही रणनीति अपनाई है.
चीन की महिला जासूस ने एनवीडिया के CEO को फंसाया
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने दावा किया है कि चीन की एक महिला जासूस ने एनवीडिया के CEO जेनसंग हुआंग को छल और भ्रम से हनीट्रैप किया है. माना जा रहा है कि चीन ने ऐसा करके अमेरिका की चिप इंडस्ट्री के राज हासिल करने के प्रयास किए हैं.
एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग को लेकर खुलासा हुआ है कि एलिस हुआंग नाम की एक महिला के साथ उनका बेहद करीबी रिश्ता था. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का आरोप है कि एलिस हुआंग चीन की स्टेट सिक्योरिटी मंत्रालय के लिए काम कर रही थीं. वो अमेरिकी चिप इंडस्ट्री की संवेदनशील जानकारियां इकट्ठा कर चीन को भेज रही थीं. आगे बढ़ने से पहले आपको चीन की इस कथित महिला जासूस के बारे में जानना चाहिए.
एलिस हुआंग चीन की नागरिक बताई जा रही हैं. उनका एक नाम हुआंग ली भी है. एलिस चीन की सरकारी न्यूज एजेंसियों के लिए पत्रकार के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके बाद HSBC बैंक और सिटिक सिक्योरिटीज जैसी वित्तीय संस्थाओं में भी उन्होंने काम किया.बाद में वो निवेश और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़ीं.
पहली बार ताइवान में दोनों को पार्टी में साथ देखा गया
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस सिंगापुर की एक डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की मैनेजिंग डायरेक्टर बनीं. इसके बाद भी बतौर सीनियर एग्जीक्यूटिव कंपनी से जुड़ी रहीं. मेगास्पीड दूसरी कंपनियों के लिए AI मॉडल तैयार करती है. इस कंपनी का कारोबार सीधे एनवीडिया की चिप तकनीक से जुड़ा हुआ है.
यही वो कारोबारी रास्ता था, जिसके ज़रिए एलिस की पहुंच दुनिया AI चिप उद्योग से जुड़े बड़े लोगों तक हुई. इसके बाद एलिस ने सीधे दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी के CEO जेनसेन हुआंग को ही टारगेट किया. दोनों की पहली मुलाकात कहां हुई. एलिस, जेनसन के करीब कैसे आईं. इसे लेकर खुलासा होना अभी बाकी है लेकिन दोनों की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं.
साल 2024 में ताइवान में एक पार्टी में पहली बार दोनों को साथ देखा गया था. इसके बाद मई 2025 में एक प्रदर्शनी के दौरान ताइवान की राजधानी ताइपे में जेनसन हुआंग की तरफ से आयोजित एक डिनर का वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों साथ दिखाई दिए. बताया जाता है कि इस डिनर के बाद दोनों एक ही गाड़ी से निकले थे.
चीन की जासूसी का खुलासा इन दोनों की मुलाकात से नहीं हुआ, बल्कि एलिस जिस कंपनी के लिए काम करती हैं उसकी संदिग्ध गतिविधियों की वजह से हुआ. एलिस हुआंग जिस मेगास्पीड इंटरनेशनल के लिए काम करती हैं. उसका कारोबार एनवीडिया के साथ जुड़ा है.
अमेरिका से चिप तकनीक चुराने की साजिश
वर्ष 2024 से 2026 के बीच मेगास्पीड की मलेशिया यूनिट ने करीब 5 अरब डॉलर के ऐसे AI उपकरण खरीदे, जिनमें एनवीडिया की चिप तकनीक शामिल थी. एक छोटी कंपनी द्वारा इतनी बड़ी खरीद की जाने के बाद अमेरिकी एजेंसियों को शक हुआ.
ये भी पढ़ें- R&D पर अरबों खर्च क्यों? जब चोरी और... चीन के खतरनाक 'शॉर्टकट' पर BJP नेता का बड़ा दावा
अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि मेगास्पीड कंपनी एनवीडिया से चिप खरीदकर चीन को दे रही थी क्योंकि अमेरिका ने सीधे सीधे चीन को चिप बेचने पर पाबंदी लगा रखी थी. मेगास्पीड ने इन आरोपों पर निराधार बताया था.
इस बीच एलिस और जेनसेन की इन तस्वीरों और दोनों के बीच संबंधों की जानकारी सार्वजनिक हो गई. यहां तक की एनवीडिया के CEO ने भी इस रिश्ते की बात स्वीकार करते हुए अपने परिवार से माफी मांगी है.
सुन जू ने आर्ट ऑफ वॉर में जासूस का जिक्र करते हुए लिखा था, 'सेना के लिए जासूस अनिवार्य है. सेना की गतिविधियों और रणनीति की सफलता भी जासूस की सूचनाओं पर निर्भर करती है.'
अमेरिकी चिप इंडस्ट्री की जानकारियां इतनी अहम क्यों?
चिप वॉर में चीन ने अपनी आगे की रणनीति बनाने के लिए कथित तौर पर जासूस का इस्तेमाल किया है. लेकिन आपको यहां समझना चाहिए कि चीन के लिए अमेरिकी चिप इंडस्ट्री की संवेदनशील जानकारियां इतनी अहम क्यों हैं?
जिस तरह पिछली सदी में तेल और ऊर्जा किसी देश पर दुनिया का दबदबा तय करते थे. ठीक उसी तरह आज की तारीख में सेमीकंडक्टर चिप को लेकर ये प्रतिस्पर्धा हो रही है. इस रेस में दो बड़े किरदार हैं- अमेरिका और चीन. अमेरिका किसी भी तरह अपनी बादशाहत कायम रखना चाहता है और चीन, अमेरिका पर अपनी निर्भरता को कम करना चाहता है.
चीन अमेरिकी चिप की तकनीक इसीलिए हासिल करना चाहता है, ताकि वो खुद के चिप बना सके और अमेरिका पर निर्भरता कम हो. माना जा रहा है कि अपनी महिला जासूस के जरिये चीन अगली पीढी की AI चिप का रोडमैप हासिल करना चाहता है. जिससे वो इस रेस में अमेरिका से आगे निकल सके.
चिप निर्माण में अमेरिका पर निर्भरता खत्म करना चाहता है चीन
चीन ने एनवीडिया के CEO को इसलिए टारगेट किया ताकि वो अमेरिका की चिप नीति को भी प्रभावित कर सके. अमेरिका ने 7 अक्टूबर 2022 को चीन पर एडवांस चिप के निर्यात को लेकर बड़े प्रतिबंध लगा दिए थे. इन प्रतिबंधों के तहत एनवीडिया के AI चिप की चीन को बिक्री पर रोक लगा दी गई थी. साथ ही चिप मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और तकनीक पर भी नियंत्रण लगाया गया था.
अक्टूबर 2023 में अमेरिका ने नियमों को और सख्त कर दिया था. हालांकि जनवरी 2026 में इन नियमों में कुछ छूट दी गई थी. माना जा रहा है कि भविष्य में अमेरिका की इन्हीं नीतियों को प्रभावित करने के लिए चीन ने हनीट्रैप बिछाया. इसका सीधा टारगेट बने एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग.
यहां आपको ये जानना चाहिए कि जेनसन हुआंग कौन हैं और अमेरिका में उनकी हैसियत क्या है. ताइवान में जन्मे जेनसन हुआंग ने अमेरिका के ओरेगॉन और स्टैनफॉर्ड यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. साल 1993 में उन्होंने एनवीडिया की स्थापना की.
1999 में एनवीडिया ने GPU यानी ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट को बाजार में पेश किया. आगे चलकर यही तकनीक आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियाद बनी. आज एनवीडिया की चिप पर दुनिया के सबसे बड़े AI मॉडल तैयार होते हैं. दुनिया का हर बड़ा AI मॉडल एनवीडिया पर निर्भर है. फोर्ब्स के मुताबिक जेनसन हुआंग की व्यक्तिगत संपत्ति करीब करीब 18 लाख करोड़ रुपये है.
ट्रंप प्रशासन के नीति निर्माण का हिस्सा हैं जेनसन
जेनसन सिर्फ एनवीडिया के CEO ही नहीं हैं. बल्कि वो ट्रंप प्रशासन में नीति निर्माण का हिस्सा भी हैं. जेनसन हुआंग को डॉनल्ड ट्रंप के साइंस एंड टेक्नोलॉजी सलाहकार परिषद का सदस्य भी नियुक्त किया गया था, जो AI और उभरती हुई तकनीकों पर सलाह देती है.
इसके अलावा मई 2026 में ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान हेनसन उनके प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा भी थे. माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के करीबी होने की वजह से भी वो चीनी जासूस के टारगेट पर आए. लेकिन इस खुलासे के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप उनका बचाव कर रहे हैं.
ट्रंप भले ही जेनसन हुआंग को डिफेंड कर रहे हैं लेकिन अमेरिकी एजेंसियों के साथ साथ एनवीडिया ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है. इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की देखरेख में बनी एक इंटेलिजेंस रिपोर्ट भी सामने आई है. जिसमें इस बात का जिक्र मिलता है कि एलिस को चीनी इंटेलिजेंस एजेंसी MSS ने जेन्सन को निशाना बनाने के लिए एक एसेट के तौर पर भर्ती किया था.
अमेरिका और चीन के बीच चल रहा है चिप वॉर
अमेरिका और चीन के बीच चल रहा ये चिप वॉर कितना बड़ा है, इसे ऐसे समझा जा सकता है कि आपके मोबाइल फोन से लेकर कार और हवाई जहाज, बैंकिंग सिस्टम से लेकर अस्पतालों की मशीनें, बिजली के ग्रिड से लेकर मिसाइल सिस्टम और सुपरकंप्यूटर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस. इन सबकी बुनियाद में सेमीकंडक्टर चिप्स मौजूद है.
वर्ष 2025 में दुनिया का सेमिकंडक्टर चिप बाजार करीब 800 अरब डॉलर का था. 2026 के लिए ताजा अनुमान है कि यह बाजार करीब दोगुना होकर 1500 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. आज बिना चिप के अर्थव्यवस्था की कल्पना करना मुश्किल है. यही कारण है कि चिप सिर्फ एक कारोबारी उत्पाद नहीं, बल्कि आर्थिक और सामरिक ताकत का प्रतीक बन चुकी है. चिप ही भविष्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. इसी पर कब्जे की जंग अमेरिका और चीन के बीच जारी है.