SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पाकिस्तान की हंगोर पनडुब्बी में बड़ा झोल: जिस तकनीक के दम पर समंदर में छिपेगी, वही खोल सकती है उसकी पोल

चीन से मिली पाकिस्तान की हंगोर पनडुब्बी में AIP तकनीक इसकी सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन बैटरी, इंजन और निगरानी से जुड़ी चुनौतियां युद्ध के समय इसकी कमजोर कड़ी बन सकती हैं.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 25, 2026, 17:45 IST | Updated: Nov 25, 2026, 17:53 IST
Image Credit: एआई की मदद से बनाई गई तस्वीर
Join

पाकिस्तान ने चीन से एक ऐसी पनडुब्बी खरीदी है, जिसे लेकर उसकी नौसेना काफी उत्साहित है. नाम है PNS हंगोर. पाकिस्तान का दावा है कि ये पनडुब्बी समंदर के अंदर लंबे समय तक छिपकर रह सकती है और दुश्मन को भनक तक नहीं लगेगी, लेकिन सवाल ये है कि क्या हंगोर वाकई इतनी ताकतवर है या फिर इसकी कुछ ऐसी कमजोरियां हैं, जो युद्ध के समय पाकिस्तान के लिए मुसीबत बन सकती हैं? आइए आसान भाषा में समझते हैं.

पाकिस्तान ने साल 2015 में चीन के साथ 8 हंगोर-क्लास पनडुब्बियां खरीदने का समझौता किया था. इनमें से पहली पनडुब्बी PNS हंगोर को 30 अप्रैल  2026 को चीन के सान्या शहर में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल किया गया और 11 जून को यह कराची पहुंची. इस पनडुब्बी की सबसे बड़ी खासियत है इसकी AIP तकनीक. आसान भाषा में समझें, तो यह ऐसी तकनीक है, जिसकी मदद से पनडुब्बी को बार-बार पानी की सतह पर आए बिना लंबे समय तक पानी के अंदर रहने में मदद मिलती है. सामान्य डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों को कुछ दिनों बाद अपनी बैटरी चार्ज करनी पड़ती है, लेकिन AIP तकनीक इस समय को बढ़ाकर करीब 18 से 20 दिन तक कर सकती है. सुनने में यह बहुत बड़ी ताकत लगती है, लेकिन असली कहानी में एक पेंच है.

रफ्तार बढ़ी तो बैटरी जल्दी खत्म!

हंगोर पनडुब्बी पानी के अंदर बैटरी से चलती है. जब बैटरी की बिजली खत्म होने लगती है, तो उसे दोबारा चार्ज करना जरूरी होता है. अब यहां समझने वाली बात यह है कि पनडुब्बी जितनी तेज चलेगी, उतनी ही तेजी से उसकी बैटरी खर्च होगी. यानी अगर हंगोर धीरे-धीरे चलती है, तो वह लंबे समय तक पानी के अंदर रह सकती है, लेकिन अगर उसे तेजी से अपनी जगह बदलनी पड़े या किसी खतरे से बचकर निकलना पड़े, तो बैटरी जल्दी खत्म हो सकती है. ऐसे में उसे चार्जिंग की जरूरत पड़ेगी और यही उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन सकती है.

बैटरी चार्ज करने के लिए बाहर आना पड़ेगा!

अब सवाल है कि बैटरी चार्ज कैसे होगी? इसके लिए पनडुब्बी को डीजल इंजन चलाना पड़ता है, लेकिन डीजल इंजन चलाने के लिए हवा चाहिए. इसलिए पनडुब्बी को पानी की सतह के करीब आकर एक खास पाइप बाहर निकालना पड़ता है, जिसे स्नॉर्कल कहते हैं. यहीं से खतरा शुरू होता है. पानी से बाहर निकला यह पाइप रडार की नजर में आ सकता है. भारतीय नौसेना के P-8I निगरानी विमान समुद्र में ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बनाए गए हैं. यानी जिस वक्त हंगोर अपनी बैटरी चार्ज करने के लिए ऊपर आएगी, उसी वक्त उसका पता चलने का खतरा बढ़ सकता है.

चीनी इंजन पर भी उठ रहे हैं सवाल!

हंगोर की मुश्किल सिर्फ बैटरी तक सीमित नहीं है. इसके इंजन को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. बताया जाता है कि जर्मनी ने पाकिस्तान को अपने MTU 396 इंजन देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान को चीनी CHD620 इंजन पर निर्भर रहना पड़ा. इस इंजन की वास्तविक क्षमता और शोर को लेकर कई सवाल हैं. पनडुब्बी के लिए कम आवाज में चलना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि पानी के अंदर होने वाली आवाज से उसकी मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है. ऐसे में इंजन का प्रदर्शन भी हंगोर की असली क्षमता तय करने में अहम भूमिका निभाएगा.

तेज भागे या छिपकर चले, पाकिस्तान के सामने मुश्किल!

अब हंगोर के कमांडर के सामने सबसे बड़ी चुनौती समझिए. अगर वह पनडुब्बी को धीरे चलाता है, तो उसके पास लंबे समय तक छिपे रहने का मौका होगा, लेकिन अगर तेजी से आगे बढ़ना है, तो बैटरी जल्दी खर्च होगी और जब बैटरी चार्ज करने के लिए उसे पानी की सतह के करीब आना पड़ेगा, तब दुश्मन की नजर में आने का खतरा बढ़ जाएगा. यानी हंगोर के लिए तेज रफ्तार और लंबे समय तक छिपे रहने का फायदा एक साथ उठाना आसान नहीं होगा.

अरब सागर में भारतीय नौसेना की चुनौती!

पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी चिंता अरब सागर में भारतीय नौसेना की निगरानी भी है. भारत के पास P-8I निगरानी विमान और MH-60R हेलिकॉप्टर हैं, जो समुद्र में पनडुब्बियों का पता लगाने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करते हैं. ऐसे में अगर हंगोर को बैटरी चार्ज करने के लिए पानी की सतह के करीब आना पड़ता है, तो उसके सामने पकड़े जाने का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि भारतीय नौसेना हर बार उसे आसानी से पकड़ लेगी. समुद्र के अंदर पनडुब्बियों का पता लगाना बेहद मुश्किल काम होता है.

तो क्या पाकिस्तान की हंगोर पनडुब्बी कमजोर है?

इसका जवाब इतना सीधा नहीं है. हंगोर में AIP जैसी आधुनिक तकनीक है, जो पाकिस्तान की नौसेना की क्षमता बढ़ा सकती है, लेकिन इसकी असली ताकत का पता तभी चलेगा, जब यह वास्तविक समुद्री परिस्थितियों में काम करेगी. क्योंकि, पनडुब्बी खरीदना और उसे युद्ध के हालात में सफलतापूर्वक इस्तेमाल करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं. बैटरी की क्षमता, इंजन का प्रदर्शन, तकनीकी रखरखाव और चालक दल की ट्रेनिंग, सब कुछ मायने रखता है. यानी चीन से मिली हंगोर पाकिस्तान के लिए नई ताकत जरूर बन सकती है, लेकिन इसे अजेय हथियार समझना बड़ी भूल होगी. अरब सागर में इसका असली इम्तिहान अभी बाकी है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में तेल चोरी का 'अंडरग्राउंड कारोबार', रसोई से सुरंग खोदकर 39 दिन में लूटा 49000 लीटर फ्यूल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES