दिवाली और धनतेरस पर कैसा रहेगा MP का मौसम? छाएगी धुंध और बढ़ेगी ठंड; जानिए भोपाल से ग्वालियर तक का हाल
मध्य प्रदेश में दिवाली और धनतेरस पर मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला रहेगा और आसमान साफ रहेगा. 5 से 8 नवंबर तक किसी भी जिले में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
चक्रवाती तूफान अर्नब और मुरासु की वजह से मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों कई जिलों में लगातार हो रही बारिश और आंधी का दौर अब थम चुका है. दिवाली और धनतेरस पर पूरे राज्य में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला रहेगा और आसमान साफ रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 8 नवंबर तक किसी भी जिले में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है और मौसम सुहाना रहेगा. हालांकि, सुबह के समय भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत कई संभागों में हल्की धुंध (कोहरा) और सिहरन महसूस होगी, लेकिन दिन में धूप निकलने पर लोगों को राहत मिलेगी. रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड धीरे-धीरे अपना असर और बढ़ाएगी.
राजधानी भोपाल में आज (5 नवंबर) सुबह से धुंध छाया हुआ है और ठंड का एहसास हो रहा है. भोपाल में आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. हालांकि, बारिश के आसार नहीं है और पूरे दिन मौसम साफ रहेगा. इंदौर-ग्वालियर में भी सुबह कोहरा छाया हुआ है और अगले 2 दिन ऐसा ही मौसम रहेगा.
निकाल लें गर्म कपड़े
कई जिलों में तापमान में तेजी से गिरावट आई है, जिस वजह से सुबह और रात में ठंड का महसूस होने लगी है. बदलते मौसम में डॉक्टरों ने लोगों को सावधान रहने और बचाव की सलाह दी है. इस वजह से लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं.
MP में दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर देखने को मिलेगा. ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में उत्तरी हवाओं की वजह से रात के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को ठिठुरन का एहसास होगा.
तीसरे और चौथे हफ्ते में हो सकती है बारिश
अर्नब और मुरासु तूफान की वजह से नवंबर की शुरुआत में कई जिलों में बारिश हुई. इस दौरान भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और उज्जैन संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और महीने के तीसरे-चौथे हफ्ते में नया सिस्टम एक्टिव हो सकता है. इससे कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है.