)
अव्यवस्थाओं लिए प्रसिद्ध दमोह के जिला अस्पताल का एक और कारनामा सुर्खियों में है. दमोह जिला अस्पताल में एक मरीज की बुजुर्ग मां से फर्श पर पोंछा लगवाने का वीडियो रविवार रात से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से गर्मा गया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फेसबुक पर वीडियो साझा कर राज्य सरकार से और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है. दरअसल तेजगढ़ क्षेत्र के सिमरिया गांव की निवासी 58 वर्षीय महिला अपने बीमार बेटे को लेकर रात में जिला अस्पताल पहुंची थी. बेटे को डायरिया की शिकायत थी. आरोप है कि अस्पताल के फर्श पर गंदगी होने पर ड्यूटी में तैनात नर्स ने बुजुर्ग महिला को ही पोंछा थमा दिया. वायरल वीडियो में महिला बेबस होकर फर्श साफ करती नजर आ रही है.
जीतू पटवारी ने उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी ट्वीट किया और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए. जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, लाचारी की इंतहा है. जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या अस्पतालों में सफाई कर्मचारियों की कमी है, या बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है. वीडियो के बारे में जांच पड़ताल की गई तो ये वीडियो दमोह के जिला अस्पताल का ही निकला और जब अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली तो प्रबंधन ने भी माना कि ये वीडियो इसी अस्पताल का है. हालांकि ZEE News इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता.
प्रदेशवासियों, यह दृश्य #दमोह के सरकारी अस्पताल का है! पोंछा लगा रही महिला मरीज़ की मां है! यह लाचारी की इंतहा है! मुख्यमंत्री जी, क्या स्टाफ नहीं है? या तनख्वाह नहीं मिल रही है? या धन करप्शन-कमीशन में जा रहा है? @DrMohanYadav51 https://t.co/8eyp4bWrRV
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) October 11, 2026
जिला अस्पताल के प्रबंधक ने दी सफाई
वायरल वीडियो के बारे में जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि, ये वीडियो डेढ़ महीने पुराना है. उनके मुताबिक जांच में पाया गया कि बुजुर्ग महिला अपनी मर्जी से स्टूल को साफ कर रही है. डॉ सुरेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि महिला का परिजन मेल वार्ड में एडमिट था. जिसे लूज मोशन की शिकायत थी और वार्ड में उसने मोशन कर दिया, जिसकी सफाई वहां मौजूद सफाई कर्मियों ने की लेकिन, स्टूल पर कुछ छींटे आ गए थे. वीडियो में दिख रही महिला ने खुद उसे साफ करने के लिए कहा और सामान्य तरीके से उसने स्टूल धोया और इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया. उनका कहा है कि किसी भी स्टाफ ने महिला के साथ जबरदस्ती नहीं की और न ही कोई दबाव बनाया. प्रबंधक ने कहा कि ऐसा करके अस्पताल की छवि खराब की जा रही है.