SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लंच कर रहे छात्र को प्रिंसिपल ने कॉलर पकड़कर खींचा, फर्श पर पटका...लात-घूंसों से पीटा, नीमच के स्कूल में 12 साल के बच्चे के साथ हैवानियत

मध्य प्रदेश के नीमच स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में 8वीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र के साथ प्रिंसिपल द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

Written By Pooja
Published: Sep 15, 2026, 08:50 AM IST | Updated: Sep 15, 2026, 09:05 AM IST
Join

नीमच के संस्कार पब्लिक स्कूल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अनुशासन के नाम पर एक प्रिंसिपल की हैवानियत कैमरे में कैद हो गई है. स्कीम नंबर 36 स्थित इस स्कूल में 8वीं कक्षा के एक छात्र के साथ प्रिंसिपल विष्णु पंवार द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब तेजी से वायरल हो रहा है. पीड़ित छात्र की मां लता चौहान ने नीमच कैंट पुलिस स्टेशन और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास को लिखित शिकायत देकर स्कूल के प्रिंसिपल विष्णु पंवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत की एक प्रति भोपाल स्थित राज्य मानवाधिकार आयोग को भी भेजी गई है.

घटना 12 सितंबर दोपहर करीब 12 बजे की है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रिंसिपल अचानक क्लासरूम में पहुंचते हैं. छात्र अपनी डेस्क पर बैठकर टिफिन खोल रहा था.तभी प्रिंसिपल विष्णु पंवार छात्र को कॉलर से पकड़कर पूरी ताकत से फर्श पर पटक देते हैं और फिर जमीन पर गिरे बच्चे पर लात-घूंसों की बरसात कर देते हैं. इस खौफनाक मंजर को देखकर कक्षा में मौजूद बाकी सहपाठी भी सहम गए. इस घटना के बाद छात्र रोते हुए घर पहुंचा. उसके कपड़े फटे हुए थे और उसके शरीर पर चोट के निशान थे.

प्रिंसिपल ने जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित छात्र की मां ने नीमच कैंट थाने में इसकी नामजद शिकायत दर्ज कराई है. परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल लंबे समय से बच्चे को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. परिजनों के अनुसार, घटना के बारे में पता चलने पर छात्र की मां तुरंत स्कूल पहुंचीं और प्रिंसिपल से शिकायत की. आरोप है कि माफी मांगने के बजाय प्रिंसिपल ने परिवार वालों को धमकाया. प्रिंसिपल ने यहां तक कह दिया कि अगर वह चाहते, तो छात्र को छत से फेंककर मार सकते थे और फिर यह कहकर घटना को टाल सकते थे कि दूसरे बच्चों ने उसे धक्का दिया था.

प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज
मामले में छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की. इसी बीच क्लासरूम का CCTV फुटेज सामने आया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद कैंट पुलिस थाने में छात्र और उसके माता-पिता के बयान दर्ज किए. कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा के अनुसार, CCTV फुटेज में छात्र के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मारपीट समेत संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है.

अभिभावकों में आक्रोश
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है. परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही इसकी शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक और राज्य मानवाधिकार आयोग भोपाल को भी भेजी गई है. फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: MP का फर्जी पासपोर्ट कांड: ₹15-30 हजार में सरपंच की चिट्ठी, आधार, पैन, वोटर ID, जन्म प्रमाण पत्र और 10वीं की फर्जी मार्कशीट... बांग्लादेशी से 'भारतीय' बनने के खेल का पूरा सच

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES