)
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश में अपना नाम रोशन किया है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया है. चंडीगढ़ और गुंटूर जैसे शहरों को पीछे छोड़कर मिले इस राष्ट्रीय सम्मान को लेकर शहर में खुशी का माहौल है.
इस बड़ी उपलब्धि के बाद गुरुवार को दिल्ली से पुरस्कार लेकर लौटे महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व सफाई मित्र शाम 4 बजे नीलकंठ द्वार पर इकट्ठे हुए. यहां से सभी सम्मान लेकर श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल के चरणों में पुरस्कार समर्पित किया. इस दौरान सफाई मित्रों की टीम भी मौजूद रही.
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे उज्जैन की मेहनत का परिणाम है. सफाई मित्रों के परिश्रम, जनप्रतिनिधियों के प्रोत्साहन, मीडिया की जागरूकता और शहरवासियों के सहयोग से यह मुकाम हासिल हुआ है. उन्होंने बताया कि एमआर-5 और गोंदिया क्षेत्र में कचरे के बड़े ढेर हटाना भी स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन के लिए महत्वपूर्ण रहा.
वहीं महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि इस सम्मान का सबसे बड़ा श्रेय सफाई मित्रों को जाता है, जिनकी दिन-रात की मेहनत से उज्जैन को देश में पहला स्थान मिला है. उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के प्रत्येक नागरिक का भी आभार जताया. महापौर ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन को यह उपलब्धि मिली है, इसलिए सबसे पहले यह सम्मान उनके चरणों में अर्पित किया गया है.
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन का इस्तेमाल करें और कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालें. उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली जिम्मेदारी है. वहीं महापौर ने आने वाले सिंहस्थ-2028 को लेकर भी स्वच्छता बनाए रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से उज्जैन को आगे भी स्वच्छता में नंबर वन बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः दूध-छाछ से लेकर पोहा तक...महाकाल मंदिर में अब लाइन में ही मिलेगा प्रसाद, जानिए किस मौसम में क्या मिलेगा?
उज्जैन स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान पहले भी हासिल कर चुका है. साल 2019 में तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया था. इससे पहले साल 2017 में शहर को ऑल इंडिया रैंकिंग में 12वां और 2018 में 17वीं स्थान मिला था. 2024-25 में भी उज्जैन सुपर स्वच्छ लीग में शामिल रहा.
(रिपोर्टः अनिमेष सिंह, उज्जैन)