SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जहां थी मनाही...वहीं रील बनाई, BJP विधायक के बेटे पर बड़ा एक्शन, महाकाल मंदिर में एक साल के लिए VIP रास्ता बंद

महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने के मामले में बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर कार्रवाई की गई है. मंदिर समिति ने एक साल तक उनके खास मार्गों से प्रवेश पर रोक लगा दी है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 15, 2026, 16:32 IST | Updated: Nov 15, 2026, 16:36 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल से वीडियो और रील बनाने पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने कार्रवाई की है. इंदौर के बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाए जाने के मामले में अब उन्हें एक साल तक मंदिर के सभी विशेष मार्गों से प्रवेश नहीं मिलेगा. मंदिर समिति ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. हालांकि, वे सामान्य श्रद्धालु की तरह मंदिर में जाकर भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे.

मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से हुई. वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर के नीलकंठ द्वार से प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं. उनके पहुंचने पर गेट पर ई-कार्ट आती है और वे मंदिर परिसर में आगे बढ़ते हुए मोबाइल से रील बनाते नजर आते हैं. वीडियो में चांदी द्वार तक मोबाइल से रिकॉर्डिंग की गई है. यहां तक कि पूजा, अभिषेक और आरती के दौरान भी वीडियो बनाया गया. इस पूरे घटनाक्रम में सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने के बजाय उनकी अगवानी करते और हाथ मिलाते दिखाई दिए.

मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. मंदिर के अंदर मोबाइल ले जाने और फोटो-वीडियो बनाने पर रोक है, ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र में रील कैसे बनाई गई और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें क्यों नहीं रोका, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सबसे पहले सुरक्षा एजेंसी कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. इसके साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया.

रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई

इसके बाद मंदिर समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ भी कार्रवाई की. मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि रुद्राक्ष शुक्ला के एक साल तक मंदिर के सभी विशेष मार्गों से प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है. इस संबंध में मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है.

समिति के आदेश में क्या-क्या कहा?

समिति के जारी आदेश में 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और मंदिर के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन का उल्लेख किया गया है. आदेश में बताया गया है कि मंदिर के आंतरिक परिसर में मोबाइल से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करना प्रतिबंधित है. इसके लिए पहले भी 19 दिसंबर 2022 और 25 अगस्त 2026 को आदेश जारी किए जा चुके हैं.

ये भी पढ़ेंः बच्चों की पढ़ाई... युवाओं की नौकरी का रास्ता आसान, बैतूल के 61 पारदी परिवारों को मिली नई पहचान

मंदिर समिति के आदेश के अनुसार, रुद्राक्ष शुक्ला आगामी एक वर्ष तक मंदिर के सभी विशेष मार्गों से प्रवेश नहीं कर सकेंगे. वे सामान्य श्रद्धालु की तरह दर्शन कर सकेंगे. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

इस तरह महाकाल मंदिर में रील बनाने के मामले में पहले सुरक्षा एजेंसी और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई हुई. अब नियमों का उल्लंघन करने वाले रुद्राक्ष शुक्ला पर भी एक साल के लिए विशेष दर्शन और प्रवेश की सुविधा पर रोक लगा दी गई है.

(रिपोर्टः अनिमेष सिंह, उज्जैन)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES