उज्जैन में आस्था के नाम पर जानलेवा परंपरा! जमीन पर लेटे मन्नतधारी, ऊपर से गुजरीं दर्जनों गायें; जानिए 60 साल पुराना इतिहास
उज्जैन जिले खे भिड़ावद गांव में 'गाय गौहरी' नाम की अनोखी परंपरा निभाई जाती है, जहां मन्नत मांगने वाले श्रद्धालु जमीन पर लेट जाते हैं और उनके ऊपर से गायों का झुंड गुजरता है.
मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन से आस्था और परंपरा से जुड़ी एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो किसी की भी सांसें थम सकती है. दीपावली के अगले दिन यानी पड़वा की सुबह 'गाय गौहरी' की परंपरा निभाई जाती है. उज्जैन जिले से लगभग 80 किलोमीटर दूर बड़नगर तहसील के भिड़ावद गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर अनोखी परंपरा देखने को मिलती है. यहां मन्नत मांगने वाले श्रद्धालु जमीन पर लेट जाते हैं और उनके ऊपर से गायों का झुंड गुजरता है. इस परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
हर साल की तरह इस साल भी ग्रामीण जमीन पर उल्टे लेट गए और उनके ऊपर से बेकाबू होकर दर्जनों गायों का झुंड गुजर गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज और ग्रामीणों के उत्साह के बीच खेले गए इस जोखिम भरे खेल में एक युवक कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गया, जिसे बाद में होश आया. वहीं, पास में खड़े लोग ढोल पर नाचते नजर आए. परंपरा के नाम पर जान जोखिम में डालने वाला खेल सालों से खेला जा रहा है.
मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु गायों के नीचे लेटते हैं
ग्रामीणों की मान्यता है कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है. ऐसे में गायों के पैरों के नीचे से गुजरने पर आशीर्वाद मिलता है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इस आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालु पांच दिन तक उपवास रखते हैं. दीपावली से एक दिन पहले माता मंदिर में रात्रि विश्राम कर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना करते हैं.
गोवर्धन पूजा के अगले दिन सुबह विधि-विधान से पूजन के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ गांव की परिक्रमा निकाली जाती है. इसके बाद गायों को एक जगह एकत्रित किया जाता है. मन्नत मांगने वाले श्रद्धालु जमीन पर कतार में लेट जाते हैं और गायों का झुंड उनके ऊपर से गुजरता है. इसके बाद श्रद्धालु ढोल की धुन पर नाचकर उत्सव मनाते हैं.
ग्रामीणों के अनुसार इस साल भी कई श्रद्धालुओं ने इस परंपरा में हिस्सा लिया. पिछले वर्षों में एक दर्जन से अधिक लोग इसमें शामिल होते रहे हैं. हालांकि, यह परंपरा धार्मिक आस्था से जुड़ी है, लेकिन इसमें चोट लगने का खतरा भी बना रहता है.
60 साल पहले हुई थी परंपरा की शुरुआत
गांव के शंकर मामा ने 60 साल पहले गांव में 'गाय गौहरी' परंपरा की शुरुआत की थी. शंकर मामा की आज उम्र 80 साल है. ज़ी न्यूज़ से बात करते हुए शंकर मामा ने बताया कि 60 साल पहले मैंने मन्नत मांगी थी कि मेरे संतान हो जाए, तो गायों के नीचे लेटूंगा. जब मन्नत पूरी हुई, तो गायों के नीचे लेटा. इसके बाद से यह परंपरा आज भी निभाई जाती है. आज गांव में सीमित गाय है, लेकिन तब सैकड़ों गाय हुआ करती थीं. ग्रामीणों ने कहा कि हमारी आस्था स जुड़ी परंपरा है. (इनपुट- अनिमेष सिंह)