उज्जैन में 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड बंद, अब नानाखेड़ा से चलेंगी बसें, नियम तोड़ा तो परमिट-आरसी निरस्त
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के चलते 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड बंद करने का आदेश जारी हुआ है. अब बसों का संचालन नानाखेड़ा से होगा. नियम तोड़ने पर परमिट निरस्तीकरण, आरसी रद्द और चालानी कार्रवाई की जाएगी.
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने देवासगेट बस स्टैंड को बंद कर बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से करने का निर्णय लिया है. जारी आदेश के अनुसार, 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड पर बसें ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. सभी संबंधित बसों का संचालन निर्धारित नई व्यवस्था के तहत नानाखेड़ा बस स्टैंड से किया जाएगा. आदेश का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई, चालान, परमिट निरस्तीकरण और वाहन का पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) निरस्त करने जैसी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है.
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार एवं संभागायुक्त, उज्जैन संभाग की ओर से यह आदेश शासन के संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों और बस संचालकों के साथ हुई बैठक में विचार-विमर्श के बाद जारी किया गया है. नई व्यवस्था के लिए नानाखेड़ा बस स्टैंड की पहले से संचालित 1.689 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है. देवासगेट से चलने वाली लोकसेवा बसों को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नए स्थल से संचालित करने का प्रावधान किया गया है. इसका उद्देश्य बसों के संचालन को एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करना है.
यात्रियों के लिए विकसित होंगी बुनियादी सुविधाएं
नानाखेड़ा बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी. इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर निगम उज्जैन के माध्यम से निभाई जाएगी. प्रस्तावित व्यवस्था में बस स्टैंड के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी भी नगर निगम को सौंपने का प्रावधान है. इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और बसों के आवागमन को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के चलते फैसला
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों के पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही शहर में सड़क चौड़ीकरण, एलिवेटेड ब्रिज निर्माण और सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्य चल रहे हैं. ऐसे में प्रमुख मार्गों पर बसों का दबाव कम करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन के लिए अहम है. इसी उद्देश्य से देवासगेट बस स्टैंड से बस संचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है. 12 अक्टूबर से लागू होने वाली व्यवस्था का पालन सभी संबंधित बस संचालकों को करना होगा. नियमों की अनदेखी करने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.