App

एमपी में बदला मौसम का मिजाज: 30-40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 23 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश के 23 जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम का यह मिजाज 4 और 5 नवंबर तक बने रहने की संभावना है. हालांकि, दूसरे हफ्ते से कड़ाके की ठंड शुरू होने के आसार हैं.

एमपी में बदला मौसम का मिजाज: 30-40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 23 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
Image Credit: एमपी में बदला मौसम का मिजाज

'मुरासु' तूफान के कारण मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आया है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, बड़वानी, खंडवा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और सिंगरौली सहित 23 जिलों में बारिश होने और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. राज्य में इस तूफान का असर अगले तीन दिनों तक बने रहने के आसार हैं. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित 32 अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी.

धनतेरस पर साफ रहेगा मौसम

4 और 5 नवंबर को बारिश होने की संभावना है, लेकिन त्योहारी सीजन के लिए अच्छी खबर यह है कि 6 नवंबर (धनतेरस) को पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा, जिससे बाजारों में खरीदारी करते समय लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी.

तापमान में गिरावट

तापमान की बात करें तो राज्य के अधिकांश संभागों में दिन और रात का तापमान अभी सामान्य से 1.7 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है. बीती रात शाजापुर में न्यूनतम तापमान 14.6°C दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में यह 15°C रहा. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, नवंबर के दूसरे सप्ताह से विशेषकर उत्तरी हवाओं के सीधे प्रभाव वाले ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ेगा.

मंगलवार को इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज 3 नवंबर को बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में आंधी और बारिश की संभावना जताई है.

यहां खिलेगी धूप

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, रीवा, सतना, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में धूप खिलेगी.
 

नवंबर में तापमान में उतार-चढ़ाव

नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है. पिछले 10 वर्षों से यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है. इस साल भी दूसरे सप्ताह से तापमान में भारी गिरावट आने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर के महीने में पहले भी रात का तापमान 6.1 डिग्री तक गिर चुका है. इस महीने बारिश होने का भी एक पुराना ट्रेंड रहा है. इंदौर में भी नवंबर के दूसरे सप्ताह के बीच ठंड महसूस होने लगती है और तापमान तेजी से गिरता है.

धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड

मध्य प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किए गए हैं. हालांकि, धनतेरस के दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे बाजारों में त्योहार की रौनक बनी रहेगी. वहीं नवंबर के दूसरे हफ्ते से हवाओं के रुख में बदलाव के साथ राज्य में अभी महसूस हो रही हल्की और सुहावनी ठंड धीरे-धीरे तेज और कड़ाके की ठंड में बदल जाएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More