App

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर: कई जिलों में बारिश की चेतावनी, चलेंगी तेज हवाएं

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 2 से 4 नवंबर तक बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर: कई जिलों में बारिश की चेतावनी, चलेंगी तेज हवाएं
Image Credit: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर! (Photo Ai)

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कम होने के तुरंत बाद अब राज्य में एक नए चक्रवात 'मुरासु' का प्रभाव साफ तौर पर दिखने लगा है. इस नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से अगले तीन दिनों 2 नवंबर से 4 नवंबर तक पूरे राज्य में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

आज 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौजूदा हालात को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज, 2 नवंबर को कांकेर-धमतरी समेत राज्य के 9 जिलों में येलो अलर्ट है. बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा, सुकमा में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है.

3 और 4 नवंबर को भी अलर्ट!

इसके अलावा 3 नवंबर के लिए बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और जशपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 4 नवंबर को मुख्य रूप से बस्तर संभाग के कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

सोमवार को राजधानी रायपुर में भी आसमान में बादल छाए रहने और आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान लगभग 30°C रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 20°C से 21°C के बीच रहने की उम्मीद है. पिछले 24 घंटों के दौरान जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.6°C और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.8°C दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने लोगों की दी सलाह

चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम की स्थिति बदली रहने की संभावना है. मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को देखते हुए बस्तर क्षेत्र और मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें, ताकि बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान से होने वाली किसी भी परेशानी से बचा जा सके.

यहां देखें तापमान

रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.6°C जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 16.8°C पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया. सबसे अधिक बारिश 50 मिमी बलरामपुर में दर्ज की गई और ओरछा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 21.3°C रहा.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More