त्योहारों पर घर जाना होगा आसान: भोपाल से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
Bhopal News: पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. रानी कमलापति और दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन सेवा आज से शुरू हो रही है. इससे यात्रियों के लिए त्योहारों के सीजन में घर जाना आसान हो जाएगा.
दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों में यात्रियों की भारी भीड़ के बीच सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. भोपाल मंडल से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. इन ट्रेनों से बिहार, रीवा और इंदौर क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा और भोपाल, इटारसी, विदिशा, बीना व आस-पास के स्टेशनों से यात्रा करने वालों के लिए यात्रा के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे.
रेलवे चलाएगा तीन स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेनों की तीन जोड़ी चलाने का फैसला किया गया है. आज (12 अक्टूबर) से रानी कमलापति और दानापुर के बीच एक स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू हो रही है. इसके अलावा अक्टूबर और नवंबर के महीनों में रीवा और रानी कमलापति के बीच चार-चार राउंड ट्रिप चलाई जाएंगी. साथ ही रीवा और डॉ. अंबेडकर नगर के बीच एक स्पेशल 'पूजा स्पेशल' ट्रेन भी चलेगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन सभी ट्रेनों के स्टॉप भोपाल, बीना, इटारसी और विदिशा जैसे कई प्रमुख स्टेशनों पर तय किए गए हैं.
देखें ट्रेनों के नाम
पहली ट्रेन (01667/01668) रानी कमलापति और दानापुर के बीच चलेगी. यह 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हफ्ते में दो बार चलेगी. यह हर सोमवार और शुक्रवार को रानी कमलापति से रवाना होगी और हर मंगलवार और शनिवार को दानापुर से वापस आएगी. यह कुल 11 राउंड ट्रिप पूरी करेगी. यह ट्रेन भोपाल, विदिशा, बीना, नर्मदापुरम और इटारसी स्टेशनों पर रुकेगी. दूसरी ट्रेन (02192/02191) रीवा और रानी कमलापति के बीच चलने वाली सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन है. यह अक्टूबर और नवंबर के दौरान हर शनिवार को रीवा से रवाना होगी. तीसरी ट्रेन (01704/01703) रीवा और डॉ.अंबेडकर नगर के बीच चलेगी, जो हर शनिवार को रीवा से और हर रविवार को डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी. ये दोनों ट्रेनें भी कई स्टेशनों पर रुकेंगी, जिनमें इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति और भोपाल शामिल हैं.
यहां से बुक कर सकेंगे टिकट
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा है ताकि वे इन स्पेशल ट्रेनों के लिए आसानी से बुकिंग कर सकें. यात्री अपनी सुविधा के अनुसार रेलवे स्टेशनों के काउंटर या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं. इस पहल से उम्मीद है कि त्योहारों के मौसम में यात्रा करने वाले यात्रियों को भीड़-भाड़ से राहत मिलेगी और वे आसानी से यात्रा कर सकेंगे.
त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की यह पहल लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप भी दुर्गा पूजा, दिवाली या छठ के मौके पर घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो आप आसानी से ऐसा कर सकते हैं.