एक के बाद एक 4 बच्चों की मौत... हर बार उम्र सिर्फ 4 महीने, जानिए शाजापुर के इस परिवार की दर्दभरी कहानी
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक परिवार ने चार महीने के भीतर अपने चौथे बच्चे को भी खो दिया है. पहले तीन बच्चों की भी इसी उम्र में मौत हुई थी. परिवार अब मौतों की वजह जानना चाहता है.
एक मां की गोद में चार बार खुशियों ने दस्तक दी, लेकिन हर बार कुछ ही महीनों में उसकी खुशियां मातम में बदल गईं. चार बच्चों को जन्म देने के बावजूद आज मां की गोद सूनी है. मामला शाजापुर जिले के ग्राम किसौनी का है, जहां चार महीने के मासूम जयवर्धन की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. इससे पहले भी दंपती के तीन बच्चों की इसी तरह मौत हो चुकी है. लगातार चौथी संतान को खोने के बाद परिवार सदमे में है और अब एक ही सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर उनके बच्चों की असमय मौत की वजह क्या है?
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम किसौनी निवासी देवेंद्र सिंह के चार महीने का बेटा जयवर्धन अपनी मां के साथ नाना के घर ग्राम पतौली आया था, अचानक तबीयत बिगड़ गई. बच्चे को उल्टियां होने लगीं. परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर लेकर पहुंचे, लेकिन यहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने से लेकर मौत होने तक करीब एक घंटे का ही समय लगा. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पहले भी तीन बच्चों की हो चुकी है मौत
मृतक बच्चे के नाना देवीसिंह चावड़ा ने बताया कि जयवर्धन से पहले भी उनकी बेटी के तीन बच्चों की मौत हो चुकी है. तीनों बच्चे भी चार महीने से अधिक जीवित नहीं रह पाए थे. हर बार बच्चे अचानक बीमार पड़ते और कुछ ही समय में उनकी मौत हो जाती थी. चौथी संतान जयवर्धन के जन्म के बाद परिवार को उम्मीद थी कि इस बार सब कुछ ठीक रहेगा, लेकिन उसकी मौत ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया. देवी सिंह चावड़ा पतौली गांव के रहने वाले हैं.
मौत की वजह जानना चाहता है परिवार
लगातार चार बच्चों की मौत के बाद परिजन यह जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसी कौन सी बीमारी या वजह है, जिसके चलते उनके बच्चों की जिंदगी चार महीने से आगे नहीं बढ़ पा रही है. इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए परिजन मासूम जयवर्धन के शव को पोस्टमार्टम और आवश्यक जांच के लिए भोपाल ले जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके.
ये भी पढ़ेंः चाउमीन-मंचूरियन खाने वाले सावधान! बालाघाट में 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, उल्टी-पेट दर्द से मची चीख-पुकार
डॉक्टर ने बच्चे को किया मृत घोषित
जिला अस्पताल में पदस्थ ड्यूटी डॉक्टर गौरव पाटीदार ने बताया कि चार महीने के बच्चे जयवर्धन को परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए थे. जांच के दौरान उसे मृत घोषित किया गया. परिजनों ने बताया कि इससे पहले भी उनके तीन बच्चों की अचानक मौत हो चुकी है. परिजन बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल ले जा रहे हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक ही परिवार के चार बच्चों की कम उम्र में हुई मौत के पीछे आखिर क्या कारण है? पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट से ही इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है.
(रिपोर्टः मनोज जैन, शाजापुर)