SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न डॉक्टर मिले, न सही इलाज! सिवनी के सरकारी अस्पताल में 6 माह में गई 80 मासूमों की जान, CMHO का तर्क- मौत की दर 10% से कम

सिवनी जिला अस्पताल में 80 नवजात शिशुओं की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठ रहे हैं. विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है. वहीं, इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. आइए जानते हैं, इतनी मौतों का खुलासा कैसे हुआ है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 12, 2026, 06:31 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 06:34 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

मध्य प्रदेश के सिवनी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं की मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच यानी छह महीने में अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में करीब 80 नवजातों की मौत हुई है. मृत शिशुओं के परिजनों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब बीजेपी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया.

दरअसल, सिवनी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक दिनेश राय मुनमुन एक दिन अचानक अस्पताल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने SNCU का रिकॉर्ड चेक किया, जहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था. तब नर्सों ने SNCU के रिकॉर्ड के आधार पर 46 नवजातों की मौत की जानकारी दी. मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग की आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है.

80 नवजातों की मौत की पुष्टि
इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पंकज दुबे ने SNCU का रिकॉर्ड चेक किया, तो 80 नवजातों की मौत दर्ज होने की बात सामने आई. उन्होंने भी इन मौतों की पुष्टि की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम का भी गठन किया गया है. CMHO  का कहना है कि  1 अप्रैल से लेकर 30 सितंबर के बीच SNCU में कुल 1,008 नवजातों का इलाज किया गया था.

मृत्यु दर को बताया सामान्य
CMHO पंकज दुबे ने बताया कि SNCU में कम वजन, संक्रमण और सांस लेने में परेशानी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे नवजातों को भर्ती किया जाता है. उन्होंने कहा कि SNCU में दर्ज नवजातों की मृत्यु दर करीब 8 प्रतिशत है, जबकि शासन के निर्धारित मानकों के मुताबिक 10 प्रतिशत तक की मृत्यु दर को सामान्य माना जाता है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

लापरवाही के आरोप 
वहीं, 80 नवजातों की मौतों का मामला अब राजनीतिक तूल भी पकड़ रहा है. कांग्रेस प्रदेश सचिव राजा बघेल ने नवजातों की मौत को गंभीर मामला बताते हुए अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है.

सख्त कार्रवाई की मांग
साथ ही, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने भी मामले की बारीकी से जांच कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि अस्पताल से दूसरे संस्थानों में रेफर किए जाने वाले बच्चों की स्थिति का भी पूरा हिसाब सामने आना चाहिए. उन्होंने आशंका जताई कि रेफर किए गए बच्चों की स्थिति का संज्ञान लेने पर मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है. खुराना ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
(रिपोर्टः प्रशांत शुक्ला, सिवनी)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES