उज्जैन से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की 950 KM की यात्रा: RSS, EVM और अयोध्या में 'चंदा चोरी' पर उठाए गंभीर सवाल
Satya Sanatan Swabhiman Yatra: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक 950 किलोमीटर लंबी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शुरू करने जा रहे हैं. इससे पहले उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सवाल उठाए.
भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी अमृता सिंह की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा सियासी ऐलान किया है. उन्होंने 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शुरू करने की घोषणा की है. इस दौरान दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार, RSS और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए. उन्होंने RSS को एक अपंजीकृत संस्था बताते हुए आरोप लगाया कि संघ ने देश के विश्वविद्यालयों से लेकर चुनाव आयोग और पूरी संवैधानिक व्यवस्था पर कब्जा कर रखा है. साथ ही दिग्विजय सिंह ने EVM और VVPAT की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे 'वोट चोरी' करार दिया और इसके खिलाफ एक डिजिटल पिटीशन शुरू करने की बात कही. यही नहीं, उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जमीन खरीद और प्राण प्रतिष्ठा के नाम पर 'चंदा चोरी' और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए.
दिग्विजय सिंह का RSS पर हमला
दिग्विजय सिंह ने कहा कि, मैं हमेशा से RSS का विरोधी रहा हूं, क्योंकि मेरी विचारधारा उनसे मेल नहीं खाती. मेरी विचारधारा गांधीवादी है. गांधी जी से बड़ा कोई हिंदू हो सकता है क्या? RSS तो एक अपंजीकृत संस्था है. जब कोई अतिवादी (एक्स्ट्रिमिस्ट) सामने आता है तो वे कह देते हैं कि वह हमारा सदस्य नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि हम कैसे मान लें कि जो संस्था अपंजीकृत है, उसका फंड कहां से आ रहा है, इसका कोई पता नहीं. ऐसी संस्था खुद को दुनिया का सबसे बड़ा NGO बताती है. स्टैंडिंग कमेटी में रहते हुए मैंने देखा है कि कैसे RSS ने पूरे सिस्टम पर कब्जा कर रखा है. विश्वविद्यालयों में नियुक्ति से लेकर हर जगह संघ का कब्जा है. जहां जाओ वहां संघ के लोग हैं, चुनाव आयोग, विश्वविद्यालय, यूजीसी तक में संघ के लोगों का कब्जा है.
'2022 से EVM का कर रहा हूं विरोध'
EVM के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं 2022 से EVM का विरोध कर रहा हूं. 2012 से पहले डिजिटल वोटिंग में मशीनें कैलकुलेटर बेस्ड थीं, अब सॉफ्टवेयर बेस्ड हो गई हैं. सॉफ्टवेयर आने के बाद डिजिटल फ्रॉड के मामले बढ़े हैं. EVM पर अविश्वास जताते हुए उन्होंने इसे डिजिटल फ्रॉड बताया और 'वोट चोरी' के खिलाफ एक मिस्ड कॉल अभियान सह डिजिटल पिटीशन शुरू करने की बात कही.
अयोध्या में 'चंदा चोरी' का आरोप
इसके अलावा अयोध्या में राम मंदिर को लेकर दिग्विजय सिंह ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अयोध्या में धर्माचार्यों का अपमान हुआ है. वहां चंदा चोरी और चांदी की ईंटों की चोरी हुई है. जमीन खरीदी में घोटाला हुआ है. मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है.