App

उज्जैन से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की 950 KM की यात्रा: RSS, EVM और अयोध्या में 'चंदा चोरी' पर उठाए गंभीर सवाल

Satya Sanatan Swabhiman Yatra: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक 950 किलोमीटर लंबी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शुरू करने जा रहे हैं. इससे पहले उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सवाल उठाए.

उज्जैन से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की 950 KM की यात्रा: RSS, EVM और अयोध्या में 'चंदा चोरी' पर उठाए गंभीर सवाल
Image Credit: उज्जैन से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की 950 KM की यात्रा

भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी अमृता सिंह की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा सियासी ऐलान किया है. उन्होंने 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शुरू करने की घोषणा की है. इस दौरान दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार, RSS और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए. उन्होंने RSS को एक अपंजीकृत संस्था बताते हुए आरोप लगाया कि संघ ने देश के विश्वविद्यालयों से लेकर चुनाव आयोग और पूरी संवैधानिक व्यवस्था पर कब्जा कर रखा है. साथ ही दिग्विजय सिंह ने EVM और VVPAT की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे 'वोट चोरी' करार दिया और इसके खिलाफ एक डिजिटल पिटीशन शुरू करने की बात कही.  यही नहीं, उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जमीन खरीद और प्राण प्रतिष्ठा के नाम पर 'चंदा चोरी' और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए.

दिग्विजय सिंह का RSS पर हमला
दिग्विजय सिंह ने कहा कि, मैं हमेशा से RSS का विरोधी रहा हूं, क्योंकि मेरी विचारधारा उनसे मेल नहीं खाती. मेरी विचारधारा गांधीवादी है. गांधी जी से बड़ा कोई हिंदू हो सकता है क्या? RSS तो एक अपंजीकृत संस्था है. जब कोई अतिवादी (एक्स्ट्रिमिस्ट) सामने आता है तो वे कह देते हैं कि वह हमारा सदस्य नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि हम कैसे मान लें कि जो संस्था अपंजीकृत है, उसका फंड कहां से आ रहा है, इसका कोई पता नहीं. ऐसी संस्था खुद को दुनिया का सबसे बड़ा NGO बताती है. स्टैंडिंग कमेटी में रहते हुए मैंने देखा है कि कैसे RSS ने पूरे सिस्टम पर कब्जा कर रखा है. विश्वविद्यालयों में नियुक्ति से लेकर हर जगह संघ का कब्जा है. जहां जाओ वहां संघ के लोग हैं, चुनाव आयोग, विश्वविद्यालय, यूजीसी तक में संघ के लोगों का कब्जा है.

'2022 से EVM का कर रहा हूं विरोध'
EVM के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं 2022 से EVM का विरोध कर रहा हूं. 2012 से पहले डिजिटल वोटिंग में मशीनें कैलकुलेटर बेस्ड थीं, अब सॉफ्टवेयर बेस्ड हो गई हैं. सॉफ्टवेयर आने के बाद डिजिटल फ्रॉड के मामले बढ़े हैं. EVM पर अविश्वास जताते हुए उन्होंने इसे डिजिटल फ्रॉड बताया और 'वोट चोरी' के खिलाफ एक मिस्ड कॉल अभियान सह डिजिटल पिटीशन शुरू करने की बात कही.

अयोध्या में 'चंदा चोरी' का आरोप
इसके अलावा अयोध्या में राम मंदिर को लेकर दिग्विजय सिंह ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अयोध्या में धर्माचार्यों का अपमान हुआ है. वहां चंदा चोरी और चांदी की ईंटों की चोरी हुई है. जमीन खरीदी में घोटाला हुआ है. मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More