)
आपके घर में कोई ऐसा व्यक्ति है, जो सुबह की शुरुआत चाय से नहीं, शराब से करता है? तो यह खबर आपके काम की हो सकती है. क्योंकि मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रशासन ने एक नई पहल की शुरुआत की है. इसके जरिए जिले में अब तक 300 आदतन लोगों को चिन्हित किया जा चुका है. इनमें से 144 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर लिवर और किडनी की जांच की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें सागर, बंडा, देवरी, बीना और खुराई में अभियान चला रहीं हैं. इससे पहले आबकारी विभाग की तरफ से शराब की दुकानों के नियमित ग्राहकों में से ज्यादा शराब पीने वालों की लिस्ट तैयार की थी. अब मेडिकल टीमें दुकानों के आसपास और उनके घर पहुंचकर स्क्रीनिंग कर रही हैं.
ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा रहीवहीं एक मेडिकल टीम बीना में शराब दुकान के बाहर देखने को मिली, जहां पर आदतन शराब पीने वाले लोगों का ब्लड सेंपल लेकर जांच की जा रही है. इनमें पता लगाया जा रहा है कि लीवर में कैसे काम कर रहा है? किडनी प्रॉपर काम कर रही है या नहीं. इसके बारे में भी जांच की जा रही है.
ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि शहर में शराब पीने वाले लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि उनके स्वास्थ्य पर सीधा और गलत असर पड़ता है. उन्होंने बताया कि इस समय बहुत ज्यादा केस सामने आ रहे हैं. डॉक्टर ने कहा कि कलेक्टर और एसडीएम के आदेश पर लोगों का ब्लड सैंपल लेकर LFT, RFT समेत कई जांच कर रहे हैं.
डॉक्टर ने आगे बताया कि शराब पीने वालों के लीवर की भी जांच कर रहे हैं कि कैसा काम कर रहा है? इसके अलावा, किडनी को भी टेस्ट कर रहे हैं. साथ ही, उनको सलाह दे रहे हैं कि शराब सेवन न करें. अगर हो सके तो इनको जल्दी से जल्दी छोड़ने की भी कोशिश करें. वहीं उन्होंने शराब पीने वालों से कहा कि लीवर, किडनी पूरी तरह से डैमेज हो रही है.
आबकारी विभाग के अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सागर जिले में मौत की कई घटनाएं सामने आई थीं. जांच में पता चला है कि इन मौतों के पीछे गंभीर बीमारियां या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं मुख्य वजह थीं. हालांकि, मृतक शराब का सेवन करते थे. इसी को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और सहायक आयुक्त आबकारी वंदना पांडे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः एक तरफ काढ़े से गई 2 जान, दूसरी तरफ उसी गांव में पकड़ी गई शराब से भरी कार! बैतूल के चिचोली में नशे के नेटवर्क का सच क्या?
उन्होंने कहा कि इसके तहत जिले की मदिरा दुकानों पर नियमित रूप से शराब पीने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और जो लोग स्वेच्छा से स्वास्थ्य जांच कराना चाहते हैं, उनका परीक्षण किया जा रहा है. इस पहल का मकसद लोगों को जागरूक करना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना है.
(रिपोर्टः उमेश यादव, सागर)