'ज्यादा उड़ने लगे हो क्या?', महिलाओं को रोता देख तहसीलदार पर भड़के कलेक्टर, बोले-अब मैं तुमको देखूंगा
रीवा के महसांव में जनसुनवाई के दौरान जमीन की समस्या बताते हुए महिला रो पड़ी. इस पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने गुढ़ तहसीलदार को फोन कर फटकार लगाई और महिला की शिकायत का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए.
रीवा में लगातार दो दिन हुई बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और जल निकासी की समस्या सामने आने लगी है. बारिश के बाद रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी लगातार ग्रामीण इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं. इसी दौरान कलेक्टर ग्रामीण क्षेत्र से लौटते वक्त एक गांव में रुके, जहां कुछ महिलाएं अपनी परेशानी लेकर उनके सामने पहुंचीं. महिलाओं ने बताया कि उनके घरों के आसपास बारिश का पानी जमा है और लंबे समय से पानी की निकासी नहीं हो पाई है. अपनी समस्या बताते-बताते महिलाएं कलेक्टर के सामने भावुक होकर रोने लगीं. महिलाओं की परेशानी देखकर कलेक्टर ने तत्काल संबंधित तहसीलदार को फोन लगाया और सख्त लहजे में नाराजगी जताई.
कलेक्टर ने कहा, 'आजकल ज्यादा उड़ने लगे हो क्या...तुम्हारे नाम पर महिलाएं रो रही हैं, तुमको शर्म नहीं आती. आज तक तुम इनकी परेशानी देखने भी नहीं आए.' 'इसके बाद कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल मौके पर पहुंचने और महिलाओं की समस्या देखने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने सख्त अंदाज में कहा कि तत्काल मौके पर पहुंचो, इनकी परेशानी देखो.. नहीं, अब मैं तुमको देखूंगा.' कलेक्टर के सख्त तेवर का वीडियो अब चर्चा में है. बारिश के बाद ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही पर कलेक्टर का यह रुख साफ तौर पर नजर आया.
महिला ने बताई समस्या
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने रविवार को महसांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें बताईं. इस दौरान एक महिला जमीन से जुड़े मामले की शिकायत लेकर उनके पास आई. उसने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तो मिल गया था, लेकिन तहसीलदार ने उस जमीन के मामले में स्टे ऑर्डर जारी कर दिया था. महिला के अनुसार, तब से वह लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रही है. अपनी समस्या बताते हुए महिला भावुक होकर रो पड़ी और बताया कि आवास योजना का लाभ मिलने के बावजूद, जमीन के विवाद के कारण उसे घर बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
तहसीलदार के रवैये पर जताई नाराजगी
महिला की बात सुनने के बाद, कलेक्टर ने तुरंत मौके से ही गुढ़ के तहसीलदार अरुण कुमार यादव को फोन लगाकर बुलाया. उन्होंने मामले की स्थिति और रोक की वजह के बारे में जानकारी ली. बातचीत के दौरान, कलेक्टर ने तहसीलदार के रवैये पर नाराजगी जताई. उन्होंने निर्देश दिया कि महिला की शिकायत का समाधान किया जाए, मामले की जांच हो और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए. कलेक्टर और तहसीलदार के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक वीडियो अब सामने आया है. इसमें कलेक्टर तहसीलदार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दिखाई दे रहे हैं.