App

पूजा-पाठ से दूर करेंगे शादी की बाधा... ऐसा कहकर रायगढ़ की महिला को फंसाया, फिर किया दुष्कर्म

रायगढ़ में झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने के बहाने महिला से दुष्कर्म किया. साथ ही उसकी बीमारी ठीक करने को लेकर करीब 6 लाख रुपये भी ठग लिए. फिलहाल पुलिस ने मुख्य महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पूजा-पाठ से दूर करेंगे शादी की बाधा... ऐसा कहकर रायगढ़ की महिला को फंसाया, फिर किया दुष्कर्म
Image Credit: ZEE CREATIVE

झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. साथ ही करीब 6 लाख रुपये की ठगी भी की गई है. मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने 5 नवंबर को रायगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी. घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की होने के कारण मामला घरघोड़ा पुलिस को सौंप दिया गया.

पीड़िता ने क्या बताया?

पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी. आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताने, झाड़-फूंक और दवाओं से बीमारी ठीक करने का दावा करता था. पीड़िता ने अपनी शारीरिक परेशानी और शादी नहीं होने की समस्या बताई, तो आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए सब ठीक करने का भरोसा दिया.

जबरन किया था दुष्कर्म

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 8 मार्च 2026 को आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने पीड़िता को घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया. वहां उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी पहले से मौजूद थी. पूजा के दौरान चंद्र कुमार ने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पानी पिलाया. आगे बताया कि पानी में नींद की दवा मिलाई गई थी. इसे पीने के कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई. इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया.

डराने-धमकाने का आरोप

पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधाएं दूर करने के नाम पर अपने कृत्य को उचित ठहराने की कोशिश की. इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले रुपये लिए. इसके बाद वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग बहानों से करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए. पीड़िता की तरफ से शिकायत करने की बात कहने पर उसे डराने-धमकाने का भी आरोप है.

मामले की जांच की जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पहले प्रेम संबंध में थे. दोनों ने मिलकर पीड़िता को पूजा-पाठ के बहाने बुलाने और नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी. सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है.

(रिपोर्टः श्रीपाल यादव, रायगढ़)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More