)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले इंदौर में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है. राहुल गांधी के विरोध में शहर के कई प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं. इन बैनरों पर 'झूठ गूंज पर होगी सत्य की विजय' लिखा है. बैनरों पर एक क्यूआर कोड भी दिया गया है. इसे स्कैन करने पर राहुल गांधी की पिछली चार रैलियों में किए गए 40 दावों की जांच से जुड़ी जानकारी सामने आती है. इस जांच में इन सभी दावों को झूठा बताया गया है.

QR कोड स्कैन करने पर 'झूठ की गूंज' नाम से एक वेबसाइट खुलती है, जिसमें कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में रैलियों के दौरान राहुल गांधी के दावों की सच्चाई पर सवाल उठाती है. इन रैलियों में किए गए कुछ दावों को गलत बताया गया है. वेबसाइट का दावा है कि अब तक राहुल गांधी के 40 बयानों की फैक्ट-चेकिंग की गई है. इनमें से 26 दावे गलत पाए गए, जबकि 11 को गुमराह करने वाला बताया गया.
शहर के मुख्य चौराहों पर लगे पोस्टर
इंदौर के खजराना, पलासिया, MR-9 चौराहा, गीता भवन और वर्ल्ड कप स्क्वायर जैसी कई जगहों पर देखे जा सकते हैं. खबरों के मुताबिक इन्हें देर रात लगाया गया था. हालांकि, इन पोस्टरों के पीछे कौन है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है. रातों-रात लगाए गए इन पोटरों से शहर में सियासी हलचल तेज हो गई है.

बीजेपी पर आरोप
जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पोस्टर लगाए जाने के बारे में पता चला, उन्होंने उन्हें हटाना शुरू कर दिया. शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने इसे बीजेपी की ओछी राजनीति बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पूरे शहर में 'झूठ की गूंज' लिखे पोस्टर लगाए थे. चौकसे का आरोप है कि, इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने कई तरह की रुकावटें पैदा कीं. उनका आरोप है कि जिला प्रशासन, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण और पुलिस के जरिए इस कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिशें की गईं.
दोपहर में इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राहुल गांधी दोपहर 1:30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद, एयरपोर्ट से रैडिसन होटल के रास्ते में पांच अलग-अलग जगहों पर उनका स्वागत किया जाएगा. जिसके बाद राहुल गांधी शाम करीब 5 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान के लिए रवाना होंगे. राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल पर लगभग साढ़े तीन घंटे बिताएंगे, जिसमें से करीब एक घंटा वे मंच पर रहेंगे. इसके बाद वे रात 9 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.