SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ओरछा में श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़ने की खबरें भ्रामक, प्रशासन ने बताई पूरी सच्चाई

ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर में खजाने का ताला तोड़े जाने और बिना प्रक्रिया खजाना खोले जाने की खबरों को जिला प्रशासन ने भ्रामक बताया है. साथ ही आमजन और श्रद्धालुओं से अपील भी की है कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 17, 2026, 20:18 IST | Updated: Nov 17, 2026, 20:25 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने, बिना निर्धारित प्रक्रिया के खजाना खोले जाने या फिर किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने को लेकर अलग-अलग चलाई जा रही खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन बताया है. जिला प्रशासन की तरफ से ऐसी खबरों का खंडन किया गया है. प्रशासन का कहना है कि खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है.

प्रशासन ने आगे बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान न तो ताले को कोई क्षति पहुंचाई गई है, न ही उसके साथ किसी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया है. प्रशासन ने बताया कि खजाने का ताला पहली तरह सुरक्षित है और खजाने में रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है.

2017 में हुआ था खजाने का सत्यापन

उल्लेखनीय है कि श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का पिछली बार सत्यापन साल 2017 में किया गया था. साल 2017 तक की संधारित सामग्री को निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सरक्षित रखा गया है. 2017 के बाद श्रद्धालुओं की तरफ से मंदिर में अर्पित की गई नई सामग्री और बहुमूल्य वस्तुओं का अलग से रिकॉर्ड तैयार किया जाना और उसका विधिवत सत्यापन किया जाना आवश्यक था.

इसी अवधि में प्राप्त नई सामग्री का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर उसका अद्यतन विवरण तैयार करने के उद्देश्य से यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई है. इस कार्यवाही का उद्देश्य मंदिर की संपत्ति का उचित संरक्षण, नई प्राप्त सामग्री का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार करना और संपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है.

किसने किया था प्रारंभिक निरीक्षण ?

खजाने के सत्यापन की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुश्री जमुना भिंडे की तरफ से विधिवत आदेश जारी कर 6 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है.

जांच टीम ने बैठक के बाद खजाने के कक्ष का शुरुआती निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य आगामी सत्यापन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता और कार्ययोजना का आकलन करना था.

प्रारंभिक कार्यवाही की वीडियोग्राफी

मिली जानकारी के मुताबिक, प्रारंभिक निरीक्षण में की गई पूरी कार्यवाही की निरंतर वीडियोग्राफी की गई. साथ ही विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया. यह संपूर्ण प्रक्रिया मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित के सामने संपन्न कराई गई. इस दौरान ओरछा तहसीलदार, जो कि श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक भी मौजूद रहे. निरीक्षण के बाद कक्ष को विधिवत बंद कर ताले को पूर्ववत सुरक्षित रखा गया.

वर्तमान में ओरछा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है. खजाने का विस्तृत सत्यापन आवश्यक तैयारियों और अनुकूल समय निर्धारित कर गठित जांच टीम के माध्यम से विधिवत कराया जाएगा.

मंदिर की व्यवस्थाओं लिए डिजिटल पहल

श्रीरामराजा मंदिर की व्यवस्थाओं को और ज्यादा पारदर्शी, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए अलग-अलग ऑनलाइन सुविधाओं की शुरुआत की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड और बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोन-पे समेत अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान की भी व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद एवं बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध है. मंदिर में प्राप्त होने वाली चढ़ोतरी और दान को भी डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ा गया है.

मंदिर के भुगतानों को पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है. अब आय-व्यय और अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है. नियमित रूप से होने वाले दान राशि के सत्यापन, प्रविष्टि एवं रिकॉर्ड संधारण को भी डिजिटल प्रणाली से और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक प्राप्ति एवं लेन-देन का प्रमाणिक रिकॉर्ड उपलब्ध कराना तथा सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है.

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि

जिला प्रशासन ने फिर से स्पष्ट किया है कि श्रीरामराजा मंदिर की संपत्ति और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान की सुरक्षा, उचित अभिलेखीय संधारण और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है. खजाने के कक्ष का निरीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया है. ताला तोड़ने, अनधिकृत रूप से खजाना खोलने या किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी फैलाया जा रहा समाचार पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन हैं. वहीं प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील है कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें. जिला प्रशासन मंदिर की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा के लिए सभी कार्यवाहियां पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के मुताबिक सुनिश्चित कर रहा है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES