SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

NHAI ने गलती से वकील को भेज दिए 34 करोड़, 48 घंटे तक अधिकारियों को नहीं लगी भनक, जानिए फिर क्या हुआ?

इंदौर में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है. विभाग की गलती की वजह से एक वकील के खाते में 34 करोड़ 32 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ट्रांसफर हो गई है. हालांकि, वकील ने खुद ही अधिकारियों से संपर्क कर पूरी रकम वापस लौटा दी है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 19, 2026, 16:34 IST | Updated: Nov 19, 2026, 16:38 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

अक्सर आपने सरकारी विभागों की बड़ी लापरवाही के बारे में जरूर सुना होगा. लेकिन इस बार नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI की ऐसी चूक सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. विभाग ने गलती से एक वकील के बैंक खाते में 34 करोड़ 32 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ट्रांसफर कर दी है. हैरानी की बात यह है कि करीब 48 घंटे तक अधिकारियों को अपनी इस गलती का पता तक नहीं चला. हालांकि, वकील ने खुद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पूरी रकम वापस लौटा दी है.

दरअसल, इंदौर सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया के बैंक खाते में NEFT के जरिए के 7 नवंबर 2026 को 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए जमा हुए. मोबाइल पर बैंक का कॉल आने और मैसेज मिलते ही वे हैरान रह गए. जिसके बाद जांच करने पर पता चला कि यह रकम NHAI की ओर से भेजी गई है.

पूरी राशि वापस कर दी है

इसके बाद सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया ने हरदा NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा से संपर्क कर गलती की जानकारी दी. जैसे ही यह मामला पूरा सामने आया है, तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया. वहीं प्रोजेक्ट मैनेजर ने गलती स्वीकार की और रकम लौटाने का अनुरोध किया. इसके बाद 9 नवंबर को वकील ने पूरी राशि NHAI को वापस कर दी है. बताया जा रहा है कि अजय बागड़िया NHAI के मामलों की पैरवी भी करते हैं.

कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर भुगतान की प्रक्रिया में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई? जबकि NHAI में किसी भी भुगतान से पहले प्रोजेक्ट अधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और फाइनेंस विभाग के स्तर पर दस्तावेजों और बैंक खाते का सत्यापन किया जाता है। इसके बावजूद 34 करोड़ रुपए गलत खाते में पहुंचना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

7 नवंबर को आई थी राशि

सीनियर वकील अजय बागड़िया का कहना है कि 34 करोड़ की राशि त्रुटिवश नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने मेरे अकाउंट में क्रेडिट कर दी थी, जबकि यह पेमेंट किसी और को करना था. यह स्वाभाविक सी बात है कि गलती हुई थी, क्योंकि मुझ जैसे साधारण वकील की फीस तो कभी इतनी हो नहीं सकती. 7 नवंबर को मेरे अकाउंट में राशि क्रेडिट हुई थी और जैसे ही मुझे इस बात की जानकारी लगी, मैंने NHAI के अधिकारियों से संपर्क किया और उनसे रिक्वेस्ट की. उन्होंने कन्फर्म किया कि आपके अकाउंट में वह राशि ट्रांसफर हो गई है, जो किसी और को देनी थी.

ये भी पढ़ेंः मौत के बाद भी धड़कती रहेगी इंसानियत… बैतूल के 25 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प, कहां से मिली प्रेरणा?

उन्हें वापस ट्रांसफर किया

उन्होंने आगे बताया कि दिवाली के पहले कई पेमेंट करने होते हैं, तो उसमें त्रुटिवश यह राशि मेरे अकाउंट में आ गई थी. मैंने संपर्क किया और अगले ही दिन उन्हें बुलाकर बैंक ले गया. मेरे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हाईकोर्ट ब्रांच में काफी अथक प्रयासों के बाद मैंने यह पैसा अगले ही दिन उन्हें वापस ट्रांसफर कर दिया. लेकिन उससे पहले मैंने जो जिम्मेदारी निभाई, उसके बारे में मैं आपके माध्यम से लोगों को बताना चाहूंगा कि इस तरह की घटना कभी आपके साथ हो, तो आप कृपया करके जिससे राशि आपके अकाउंट में आई है, उससे ईमेल मंगवाएं.

उस ईमेल का रिकॉर्ड रखें

वकील ने कहा कि उस ईमेल को रिकॉर्ड पर रखें, उसका जवाब दें और फिर राश वापस करने के बाद कन्फर्मेशन ईमेल मंगवाएं. उन्होंने कहा कि कभी ईश्वर न करे आपके ऊपर PMLA का कोई मुकदमा चले या संशय हो कि आप किसी तरह से एंट्री घुमा रहे हैं, तो उसकी संभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई का रिकॉर्ड आपके पास रहे. वही मैने भी किया है.

(रिपोर्टः यत्नेश सेन, इंदौर)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES