)
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान दिवाली पर पहने गए एक खास पेंडेंट को लेकर नए विवाद में घिर गई हैं. कांग्रेस नेता और मुस्लिम स्कॉलर अब्बास हफीज ने करीना कपूर को कानूनी डिमांड नोटिस भेजकर उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है. अब्बास हफीज का दावा है कि करीना कपूर ने जिस पेंडेंट को एक फैशन एक्सेसरी के तौर पर पहना और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, उस पर कुरान की मुकद्दस आयत उकेरी हुई है.
अब्बास हफीज ने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपनी वकील के जरिए यह नोटिस भेजा है और चेतावनी दी है कि यदि करीना कपूर सोशल मीडिया से यह फोटो नहीं हटाती हैं और सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगती हैं, तो वे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रुख करेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यह उनका व्यक्तिगत मत और आस्था से जुड़ा कदम है, जिसका उनकी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है.
अब्बास हफीज ने बताया कि ऐतिहासिक रूप से भोपाल की बेगम शाहजहां ने इस तरह के पेंडेंट को बेहद सम्मान और आस्था के साथ बनवाया था, जिसे वो पर्दे में पहनती थीं. अब्बास हफीज का कहना है कि करीना कपूर के पेंडेंट में कुरान की आयत (आयतुल कुर्सी) लिखा है, जो सम्मान की बात है. इस तरह से पेंडेंट को फैशन के लिए उपयोग करना गलत है. करीना कपूर के कलगी या लिबास पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जिस पेंडेंट को उन्होंने पहना है, वह करीब 400 साल पुराना है और इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं.
उन्होंने आगे कहा कि करीना कपूर ने इसे फैशन के लिए उपयोग किया और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिससे हमारी आस्था को ठेस पहुंची है. करीना कपूर के दिवाली पर ये पेंडेंट पहनने पर उन्होंने कहा कि वो ईद पर भी इस तरह से पहनती तो आस्था को ठेस पहुंचती और उनको नोटिस देते. मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों का बहुत सम्मान किया जाता है और लोग बिना वजू किए इन्हें छूने से भी बचते हैं.
अब्बास हफीज ने कानूनी नोटिस के जरिए करीना कपूर के सामने सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने और माफी मांगने की शर्त रखी है. इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की मांग की है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर करीना कपूर यह पोस्ट नहीं हटाती हैं और माफी नहीं मांगती हैं, तो वे वकील की सलाह से आगे कानूनी कार्रवाई करेंगे.
करीना कपूर तक इस पेंडेंट के पहुंचने की पूरी पारिवारिक कहानी शाही घराने की वसीयत और विरासत से जुड़ी है, जिसकी शुरुआत सैफ अली खान के परिवार से होती है. भोपाल के अंतिम शासक नवाब हमीदुल्ला खान की बेटी साजिदा सुल्तान थीं, जिनका विवाह पटौदी के नवाब इफ्तिखार अली खान से हुआ था. इनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जो सैफ अली खान के पिता हैं और इस प्रकार साजिदा सुल्तान सैफ की दादी थीं. भोपाल रियासत के शाही परिवार के ये ऐतिहासिक आभूषण और नायाब पेंडेंट इसी पारिवारिक विरासत के जरिए आगे बढ़ते हुए पहले सैफ अली खान और फिर अभिनेत्री करीना कपूर तक पहुंचे हैं. (इनपुट- अनिल नागर)