SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्रेन तक लगा दिया, लेकिन टस से मस नहीं हुए हनुमान... 5 दिन बाद भी नहीं हट सकी खड़े हनुमान जी की प्रतिमा

Ujjain News: उज्जैन में 170 साल पुराने ऐतिहासिक 'खड़े हनुमान मंदिर' को हटाने गई नगर निगम की टीम मुश्किल में पड़ गई, क्योंकि वे भगवान हनुमान की मूर्ति को टस से मस नहीं कर पाए. पुरातत्व विभाग ने चेतावनी दी है कि मूर्ति को हटाने से वह टूट सकती है. इस कार्रवाई पर लोगों में काफी रोष है.

Written By Ranjana Kahar
Published: Sep 08, 2026, 10:59 AM IST | Updated: Sep 08, 2026, 11:11 AM IST
Image Credit: खड़े हनुमान मंदिर
Join

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और महाकाल की सवारी के रास्ते को चौड़ा करने के लिए कंठाल चौराहा से छतरी चौक तक सड़क चौड़ीकरण करने का काम चल रहा है. इसी दौरान नगर निगम की एक टीम लगभग 170 साल पुराने 'खड़े हनुमान' मंदिर को हटाने पहुंची, लेकिन टीम के पसीने उस समय छूट गए जब क्रेन की मदद से भी प्रतिमा हटाई नहीं जा सकी.  हालांकि निगम ने कार्रवाई के दौरान मंदिर के कुछ हिस्सों को तो गिरा दिया, लेकिन जब भगवान हनुमान की मुख्य मूर्ति को हटाने की बारी आई तो अधिकारियों के होश उड़ गए. क्योंकि पांच दिन बाद भी मूर्ति अपनी जगह से नहीं हिली. यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि निगम की तमाम कोशिशों के बावजूद मूर्ति एक इंच भी क्यों नहीं हिली.

कार्रवाई के बाद भी नहीं हट सकी खड़े हनुमान जी की प्रतिमा
शुरुआती कार्रवाई के बाद जब मूर्ति को हटाने की कोशिश की गई, तो पुरातत्व विभाग की टीम ने तुरंत रोक दिया. विभाग ने जांच की और विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि इस पुरानी मूर्ति को हिलाने या निकालने से इसमें गहरी दरार आ सकती है. मतलब मंदिर का बाहरी हिस्सा हटाया जा सकता है, लेकिन करीब 170 साल पुरानी इस चमत्कारी मूर्ति को बिना नुकसान के हटाना प्रशासन के लिए बहुत मुश्किल हो रहा है. अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को मंदिर को हटाने की एक और कोशिश की जाएगी.

धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करने की चेतावनी
इधर, जब मंदिर को गिराने और मूर्ति को हटाने की खबर स्थानीय भक्तों और हिंदू संगठनों के सदस्यों के बीच फैली, तो उस जगह पर भारी भीड़ जमा हो गई. मंदिर को गिरते देख कई भक्तों की आंखों में आंसू आ गए. लोगों का कहना है कि यह सिर्फ़ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं है, बल्कि हजारों स्थानीय निवासियों की गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है. पुजारियों और संगठनों ने प्रशासन को धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी है.

अब प्रशासन और नगर निगम क्या करेंगे?
इस अजीब स्थिति ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम को बड़ी परेशानी में डाल दिया है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन पुरातत्व विभाग की मदद से मूर्ति को सुरक्षित तरीके से हटा पाएगा, या फिर हनुमान जी की इस आस्था के सामने नगर निगम को पीछे हटना पड़ेगा. फिलहाल मौके पर तनाव और उलझन का माहौल बना हुआ है.

एक्सपर्ट ने मूर्ति के बारे में क्या कहा?
वहीं इस प्रतिमा को लेकर विक्रम विश्वविद्यालय के पुरातत्व विशेषज्ञ प्रो. डॉ. रमण सोलंकी ने कहा कि, यह मूर्ति मालवा क्षेत्र के बेसाल्ट पत्थर से तराशी गई है. यह लगभग एक हजार साल पहले राजा भोज के समय प्रचलित मूर्ति-निर्माण परंपरा से संबंधित हो सकती है. परमार काल और राजा भोज के शासनकाल के दौरान ऐसे मजबूत बेसाल्ट पत्थर से मूर्तियां बनाने की परंपरा आम थी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES