MP में ठंड के साथ बारिश की भी मार! शाजापुर 7.1°C और भोपाल 9°C पर ठिठुरा; 2 जिलों में शीतलहर तो 7 में आंधी-बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में सर्दी का अटैक बढ़ने लगा है और शाजापुर के बाद भोपाल सबसे ठंडा शहर रहा है. मौसम विभाग ने राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट, जबकि रीवा, सतना समेत 7 जिलों में आंधी के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है.
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, जहां कई जिलों में कड़ाके की ठंड ने सिहरन बढ़ा दी है, वहीं कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से कई शहरों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क गया है. बीती रात शाजापुर के गिरवर का सबसे ठंडा रहा और न्यूनतम पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा राजधानी भोपाल भी रात के तापमान के 9 डिग्री पर पहुंचने के साथ शाजापुर के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा.
मौसम विभाग ने राजगढ़ और शाजापुर में आज (21 नवंबर) शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, तो दूसरी ओर रीवा और सतना समेत सात जिलों में आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं. बदलते मौसम और बारिश के असर ने लोगों की सुबह-शाम की दिनचर्या से लेकर सेहत तक पर असर डालना शुरू कर दिया है.
इन शहरों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार, 19-20 नवंबर की रात मध्य प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें गिरवर (शाजापुर) और भोपाल के अलावा बैतूल में 9.2, धार और रायसेन में 9.4, दमोह में 9.5, नौगांव (छतरपुर) में 10, खजुराहो (छतरपुर) में 10.2, रीवा में 10.4, इंदौर में 10.6, जबलपुर और उमरिया में 10.9, गुना और सागर में 11.3, दतिया में 11.4 और ग्वालियर में 11.7 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया. वहीं, श्योपुर और उज्जैन में 12, सतना में 12.6, खंडवा, रतलाम और सीधी में 13, नरसिंहपुर, टीकमगढ़ और पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 13.2, मंडला में 13.5, छिंदवाड़ा में 13.6, नर्मदापुरम और सिवनी में 14, खरगोन में 14.4 और मलाजखंड (बालाघाट) में 14.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ.
2 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' की वजह से मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला है और बादल छाए हुए हैं. हालांकि, अब तक कहीं भारी बारिश नहीं हुई है और अगले 2 दिन में भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में शनिवार और रविवार को हल्की बारिश की आशंका जताई है.
आने वाले दिनों में हो सकता है ठंड का अटैक
कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के बाद उत्तर से आ रही हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा दिया है. एमपी के कई शहरों में बीती रात तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है और ठंडी हवाओं में तेजी आने के बाद तेज सर्दी का अटैक देखने को मिल सकता है. आने वाले 2-3 दिनों में रात और सुबह के समय तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ने की आशंका है.