SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

MP में अंधविश्वास से 3 मौतें: कहीं कुत्ते के काटने पर झाड़-फूंक, तो कहीं शराब छुड़ाने की जड़ी-बूटी बनी जानलेवा

मध्य प्रदेश में अंधविश्वास के चलते तीन लोगों की जान चली गई. रीवा में कुत्ते के काटने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में मौत हो गई है. वहीं बैतूल से भी ऐसा मामला सामने आ चुका है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 23, 2026, 09:25 IST | Updated: Nov 23, 2026, 09:31 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

कभी कुत्ते के काटने पर इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया गया, तो कहीं शराब की लत छुड़ाने के नाम पर बाबा की दी जड़ी-बूटी लोगों के लिए जानलेवा बन गई. दरअसल, एमपी के दो जिलों से अधंविश्वास और चमत्कारी इलाज के ऐसे मामले सामने आए हैं, जिन्होंने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.

दरअसल, रीवा जिले के सिमरिया थाना इलाके के राहट गांव में झाड़-फूंक के चलते एक मजदूर विजय लाल केवट की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि विजय केवट मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था. मजदूर विजय केवट को एक दिन कुत्ते ने काट लिया था. उसके बाद समय पर इलाज न मिलने के चलते जान गंवानी पड़ी.

10 नवंबर को कुत्ते ने काट लिया था

मृतक के चाचा राजन केवट ने बताया कि 10 नवंबर को विजय केवट को एक कुत्ते ने काट लिया था. उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने तुरंत बाद अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन गांव में ही झाड़-फूंक करवाते रहे. झाड़-फूंक के चक्कर में 8 से 10 दिन बीत जाने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई.

अजीब तरह की हरकतें करने लगा

चाचा ने बताया कि कुत्ते के काटने के करीब 10 दिन बाद विजय की तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी. उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि वह कुत्ते की तरह भौंकने और अजीब तरह की हरकतें करने लगा. इसके बाद घबराए परिजनों ने उसे तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोपहर करीब 1 से 2 बजे उन्हें भर्ती कराया गया. हालांकि, उनकी हालत काफी गंभीर थी और इलाज के दौरान रात करीब 10 से 11 बजे उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

कुत्ते के काटने पर क्या करें ?

इस घटना के हिसाब से पता चलता है कि अंधविश्वास के चलते इलाज में देरी कितनी भारी पड़ सकती है. वहीं कुत्ते के काटने पर झाड़-फूंक कराने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना और डॉक्टर की सलाह के मुताबिक एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना जरूरी है. अक्सर सांप के काटने पर झाड़-फूंक के मामले सामने आते हैं, तो लेकिन अब कुत्ते के काटने के बाद भी ऐसा किया जाना चिंता की बात है.

ये भी पढ़ेंः शराब छुड़ाने के लिए पिलाई जड़ी-बूटी, बैतूल में 2 लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर, बाबा की तलाश में पुलिस

बैतूल से भी आया था मामला

दूसरा मामला बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव का है. यहां शराब की लत छुड़ाने के नाम पर दी गई जड़ी-बूटी का सेवन करने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि गांव में एक बाबा लंबे समय से लोगों को शराब की लत छुड़ाने के नाम पर जड़ी-बूटी दे रहा था. इसकी जानकारी मिलने पर कई लोग उसके पास पहुंचे और जड़ी-बूटी का सेवन कर लिया. इसके बाद रामकिशोर और संजय की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई, जबकि 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES