MP Weather: एमपी से जल्द लौटेगा मानसून, 19 जिलों में अलर्ट, कैसा रहेगा भोपाल-इंदौर का मौसम? जानें पूरा अपडेट
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जल्द शुरू होने वाला है. मानसून गतिविधियां कमजोर होने से बारिश थम गई है, हालांकि अगले तीन दिनों तक कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है. बुधवार को 19 जिलों में बारिश का अलर्ट है.
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है. प्रदेश में मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही बारिश का दौर भी थम गया है. मानसून की विदाई से पहले प्रदेश में अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है. बुधवार को 19 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा इस समय राजस्थान और पंजाब के कई जिलों से होकर गुजर रही है. यह रेखा मध्य प्रदेश के उत्तर पश्चिमी हिस्से तक पहुंच चुकी. ऐसे में प्रदेश में मानसून की वापसी की शुरुआत भी उत्तर-पश्चिमी से होने की संभावना है. इसी वजह से सबसे पहले उज्जैन और ग्वालियर संभाग के जिलों से मानसून विदा होगा. इसके बाद धीरे-धीरे प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी मानसून की वापसी शुरू होगी.
कैसा रहेगा भोपाल-इंदौर का मौसम?
मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज धूप निकलने का अनुमान जताया है.
इन जिलों में होगी बारिश
वहीं बैतूल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनुपपुर और पन्ना में हल्की बूंदाबांदी, तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है.
मध्य प्रदेश के मौसम का हाल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी मध्य प्रदेश के ऊपर कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है. इसलिए पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां रुक गई हैं. हालांकि हवा में नमी होने के कारण कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के पास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है और उससे जुड़ी नमी के कारण उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अभी गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर और उदयपुर से गुजर रही है. यह रेखा मध्य प्रदेश की सीमा के बहुत करीब पहुंच गई है, जिससे संकेत मिलता है कि राज्य में मानसून की वापसी का दौर जल्द ही शुरू होने की संभावना है.
इन संभाग में हुई कम बारिश
राज्य के पूर्वी हिस्से में खासकर जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल डिवीजन में यह आंकड़ा चार प्रतिशत ज्यादा है. जहां ज्यादातर जिलों में तय कोटे से ज्यादा बारिश हुई है, वहीं बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में बारिश की कमी 3 प्रतिशत से 21 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई है.