SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले सब्सिडी पर लगवाया होल्ड, फिर रिलीज करने के मांगे 2 लाख! सरकारी मदद के नाम पर कमीशनखोरी? 50 हजार लेते पकड़ा गया डिप्टी डायरेक्टर

पन्ना में 4.38 लाख की सब्सिडी रिलीज करने के बदले 2 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप है. सागर लोकायुक्त ने उद्यानिकी विभाग के उप संचालक को 50 हजार लेते पकड़ा. कार्रवाई के दौरान शिक्षिका पत्नी ने रकम बाहर फेंक दी. दोनों को आरोपी बनाया गया है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 23, 2026, 22:50 IST | Updated: Nov 23, 2026, 22:54 IST
Image Credit: Panna PMFME Subsidy Scam Allegation (AI Image)
Join

Panna PMFME Subsidy Bribery Case: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सरकारी योजना की सब्सिडी रिलीज करने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. जिस योजना के तहत छोटे कारोबार के लिए आर्थिक मदद मिलनी थी, उसी की सब्सिडी जारी कराने के लिए दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है. हैरानी की बात यह है कि हितग्राही की कुल स्वीकृत सब्सिडी 4 लाख 38 हजार रुपए थी, जबकि कथित रिश्वत की रकम इसके करीब 46 फीसदी के बराबर थी. सागर लोकायुक्त ने उद्यानिकी विभाग के उप संचालक प्रदीप श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है.

12.54 लाख का लोन लिया, 4.38 लाख की सब्सिडी मिली

जानकारी के मुताबिक, फरियादी भगवत साहू ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्यान्न उन्नयन योजना (PMFME) के तहत ऑयल मिल लगाने के लिए लोन लिया था. उन्होंने अपने नाम पर 5 लाख 94 हजार रुपए और पत्नी के नाम पर 6 लाख 60 हजार रुपए का लोन लिया. इस तरह दोनों के नाम पर कुल 12 लाख 54 हजार रुपए का लोन लिया गया था. योजना के तहत दोनों को मिलाकर 4 लाख 38 हजार रुपए की सब्सिडी स्वीकृत हुई थी.

पहले सब्सिडी पर होल्ड, फिर 2 लाख की डिमांड

आरोप है कि उद्यानिकी विभाग के उप संचालक प्रदीप श्रीवास्तव ने बैंक को पत्र लिखकर स्वीकृत सब्सिडी की रकम पर होल्ड लगवा दिया. इसके बाद सब्सिडी रिलीज करने के बदले भगवत साहू से दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई. यानी जिस हितग्राही को 4.38 लाख रुपए की सरकारी मदद मिलनी थी, उससे उसी रकम को जारी कराने के लिए करीब आधा हिस्सा रिश्वत में मांगे जाने का आरोप है.

लोकायुक्त ने 50 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा

रिश्वत की मांग से परेशान भगवत साहू ने सागर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई. सोमवार देर शाम टीम ने पन्ना स्थित अधिकारी के सरकारी बंगले पर कार्रवाई की. इस दौरान प्रदीप श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया.

शिक्षिका पत्नी ने बाउंड्री के बाहर फेंकी रकम

लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान अधिकारी की पत्नी रवि खरे ने कथित तौर पर रिश्वत के 50 हजार रुपए घर की बाउंड्री के बाहर फेंक दिए. रवि खरे छतरपुर जिले में शासकीय शिक्षिका के पद पर तैनात हैं. लोकायुक्त ने इस मामले में पति-पत्नी दोनों को आरोपी बनाया है.

क्या सरकारी मदद लेने के लिए भी देनी पड़ेगी रिश्वत?

इस मामले ने सब्सिडी जारी करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. आखिर स्वीकृत सब्सिडी पर होल्ड क्यों लगाया गया और उसे रिलीज करने के बदले दो लाख रुपए की मांग क्यों की गई फिलहाल उपलब्ध जानकारी में यह एक हितग्राही की शिकायत से जुड़ा मामला है. अन्य हितग्राहियों से भी ऐसी मांग हुई है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन 4.38 लाख की सब्सिडी के बदले दो लाख की कथित रिश्वत ने सरकारी मदद की प्रक्रिया पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
 

पियूष शुक्ला की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES