SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हिंदी में डॉक्टरी पढ़ाने की योजना का हाल बेहाल: MP में 10 करोड़ खर्च कर छपीं 50 हजार किताबें...फिर भी हिंदी में एक भी छात्र ने नहीं दी MBBS की परीक्षा

MP News: तीन साल पहले मध्य प्रदेश में हिंदी में MBBS पढ़ाने की बड़ी शुरुआत हुई थी, इसके लिए 10 करोड़ रुपये खर्च करके 50 हजार किताबें भी छापी गईं. लेकिन हैरानी की बात है कि आज तक एक भी छात्र ने हिंदी में परीक्षा नहीं दी है.

Written By Ranjana Kahar
Published: Sep 14, 2026, 01:03 PM IST | Updated: Sep 14, 2026, 01:41 PM IST
Image Credit: AI जनरेटेड फोटो
Join

मध्य प्रदेश में हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई कराने की पहल तीन साल बाद सवालों के घेरे में आ गई है. सरकार ने देश में मेडिकल की पढ़ाई की भाषा बदलने की दिशा में इसे एक बड़े कदम के तौर पर शुरू किया था. इस प्रोजेक्ट पर लगभग ₹10 करोड़ खर्च किए गए और 16 विषयों की 50,000 हिंदी मेडिकल टेक्स्टबुक छापी गईं. इन किताबों के अनुवाद के लिए 300 से ज्यादा डॉक्टरों की एक टीम ने काम किया. अनुवाद पर करीब 2 करोड़, प्रिंटिंग पर 5.5 करोड़ और मेडिकल कॉलेजों में ‘मंदार’ केंद्रों पर करीब 3 करोड़ रुपए खर्च हुए. इतना सब करने के बाद भी, और पेपर दो भाषाओं में आने के बावजूद, पिछले 3 साल में एक भी छात्र ने हिंदी में परीक्षा नहीं दी है. 

एमपी में हिंदी में मेडिकल का ये हाल!
तीन साल पहले प्रदेश में MBBS की पढ़ाई हिंदी में शुरू की गई थी, ताकि छात्रों के पास अंग्रेजी के साथ हिंदी का भी विकल्प हो. पढ़ाई को लेकर मेडिकल कॉलेजों में मंदार सेंटर बनाए गए थे और डॉक्टरों की टीमें अनुवाद के काम में दिन-रात जुटी हुई थीं. लेकिन तीन साल बाद हकीकत बिल्कुल उलट है. दैनिक भास्कर की एक ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से कई मंदार सेंटर अब बंद पड़े हैं. कार्यसमिति की बैठक पिछले एक साल से नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें: 14 सितंबर को ही क्यों मनाते हैं हिंदी दिवस? संविधान से जुड़ी वो कहानी, जो हर भारतीय को पता होनी चाहिए
 

हिंदी में एक भी छात्र ने नहीं दी MBBS की परीक्षा
लेकिन सबसे बड़ा सवाल विद्यार्थियों के भरोसे को लेकर है. उनमें यह धारणा बन गई है कि हिंदी में परीक्षा देने से कम अंक मिल सकते हैं या शून्य अंक भी आ सकते हैं. इसी वजह से द्विभाषी प्रश्न-पत्र उपलब्ध होने के बावजूद पिछले तीन वर्षों में एक भी छात्र ने हिंदी में परीक्षा नहीं दी है. हालांकि इस पहल को देश में मेडिकल शिक्षा का माध्यम बदलने के लिए एक मॉडल के तौर पर पेश किया गया था और अलमारियों में पाठ्यपुस्तकें भी अच्छी तरह से सजाई गई थीं, लेकिन हिंदी के माध्यम से डॉक्टर बनने को लेकर छात्रों में वास्तविक आत्मविश्वास जगाने के लिए जरूरी व्यवस्था कभी नहीं बनाई गई.

10 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च
इस पर कुल 10 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए. अनुवाद पर 2 करोड़, किताबें छापने पर साढ़े 5 करोड़ और मंदार सेंटर पर 3 करोड़. 300 से ज्यादा डॉक्टरों ने 16 विषयों की किताबों का हिंदी में अनुवाद किया. पहले हर छात्र के लिए किताबें छापी जाती थीं, लेकिन अब सिर्फ 25 से 30% किताबें ही कॉलेजों की मांग पर दी जाएंगी. इतना ही नहीं एक ही योजना का असर हर जगह अलग है. रतलाम में डीन डॉ. अनीता मूथा हर साल किताब मेला लगाती हैं, इसलिए वहां 80% किताबें छात्रों तक पहुंच गई हैं. वहीं इंदौर मेडिकल कॉलेज में हिंदी की किताबें डिब्बों में ही बंद पड़ी हैं.

NMC ने मांगी रिपोर्ट
शुरुआत में इस योजना को लेकर खूब जोर था. सीएम और मंत्रियों ने 50 से ज्यादा बैठकें कीं, छात्रों से बात की और मंदार टीम का सम्मान भी किया. लेकिन पिछले 1 साल से इस पर कोई बैठक नहीं हुई है. शिक्षकों की ट्रेनिंग और किताबें बनाने का काम भी बंद पड़ा है. अब राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने मध्य प्रदेश सरकार से इस पूरी योजना की रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने पूछा है कि हिंदी के सैंपल पेपर कैसे हैं, हिंदी में लिखी गई उत्तर-पुस्तिकाएं दिखाओ और कितने छात्रों ने हिंदी माध्यम चुना, इसका पूरा हिसाब दो.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES