सिंहस्थ 2028 की तैयारियांः खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क चौड़ीकरण, 272 भवन होंगे प्रभावित
सिंहस्थ 2028 की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही हैं. इन्हीं तैयारियों के बीच चौड़ीकरण का काम भी शुरू हो गया है. उज्जैन की खजूर वाली मस्जिद से लेकर गणेश चौक तक चौड़ीकरण किया जाएगा. इस में लगभग 9.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है. खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा. इस पूरे काम पर करीब 9.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
सड़क चौड़ीकरण की जद में कुल 272 भवन प्रभावित होंगे. नगर निगम की ओर से सड़क की नपती, सीमा की मार्किंग और प्रभावित भवन मालिकों को नोटिस देने की कार्रवाई पहले ही पूरी की जा चुकी है. अब शनिवार से क्षेत्र के कुछ लोगों ने खुद आगे बढ़कर अपने मकानों के चिह्नित हिस्से हटाने की शुरुआत कर दी.
हिस्से हटाने का कार्रवाई शुरू की
स्थानीय निवासी विनोद राठौड़ और रविंद्र कुमार राठौर ने अपने मकानों के चिह्नित हिस्से हटाने की कार्रवाई शुरू की. उनका कहना है कि शहर के विकास के लिए सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है. सड़क चौड़ी होने से आने-जाने में सुविधा होगी और क्षेत्र के व्यापार को भी इसका फायदा मिलेगा.
वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना
यह मार्ग शहर के व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है. सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण को यातायात व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण
शनिवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित भवन मालिकों और क्षेत्र के लोगों को जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। साथ ही काम को तय समय में पूरा करने को कहा.
काम को तेजी से बढ़ाया जाएगा
आयुक्त ने आगे बताया कि नागरिकों के सहयोग और आपसी समन्वय से विकास के काम को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि सड़क चौड़ी होने का लाभ लोगों को जल्द मिल सके. निरीक्षण के दौरान भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, सहायक यंत्री डीएस परिहार, उपयंत्री शिवम गुप्ता और राजेंद्र रावत सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे.