मध्य प्रदेश में 4 करोड़ के सरकारी चावल से लदे 32 ट्रक गायब, तीन महीने तक सोता रहा विभाग, ट्रांसपोर्टर को अब थमाया नोटिस
मध्य प्रदेश के कटनी से भेजे गए करीब 4 करोड़ रुपये के फोर्टिफाइड चावल से लदे 32 ट्रकों का पता नहीं है. तीन महीने तक शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई. अब मामला भोपाल मुख्यालय तक पहुंच गया है.
कटनी में सरकारी खाद्यान्न के परिवहन में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है. इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए करीब 4 करोड़ रुपये के फोर्टिफाइड चावल से लदे 32 ट्रकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. हैरानी की बात यह है कि तीनों जिलों के अधिकारी पिछले तीन महीने से चावल नहीं पहुंचने की लिखित सूचना कटनी कार्यालय को दे रहे थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने न तो परिवहन एजेंसी से जवाब मांगा और न ही कोई ठोस कार्रवाई की.
अब मामला भोपाल मुख्यालय तक पहुंचने के बाद संबंधित ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी किया गया है. वहीं, सवाल उठ रहे हैं कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को आज भी रैक प्वाइंट से परिवहन का काम कैसे मिल रहा है?
यह भी पढ़ें- नागपुर लूटकांड का बालाघाट कनेक्शन, खेत में मिला नोटों का खजाना; पराली के ढेर ने उगले 3.26 करोड़ रूपए
10,975 क्विंटल से ज्यादा चावल का हिसाब नहीं
दरअसल, मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम यानी नान के माध्यम से कटनी से दूसरे जिलों में भेजे गए 10 हजार 975 क्विंटल से अधिक फोर्टिफाइड चावल का हिसाब नहीं मिल रहा है. दस्तावेजों के मुताबिक, नीमच कार्यालय ने 3 अगस्त, इंदौर कार्यालय ने 1 सितंबर और हरदा कार्यालय ने 7 सितंबर को कटनी जिला प्रबंधक को पत्र भेजा था.
इन पत्रों में ट्रकवार और चालानवार चावल नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई थी. इसके बावजूद करीब तीन महीने तक मामला फाइलों में दबा रहा. न तो 32 ट्रकों में भेजे गए चावल का हिसाब मांगा गया और न ही संबंधित परिवहन एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई.
भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. बताया जा रहा है कि एजेंसी के संचालक विकास केसरवानी और पार्टनर दीपक जैन का नाम इससे पहले भी अन्य जिलों में 36 ट्रक धान गायब होने के मामले में सामने आ चुका है. उस मामले में कार्रवाई भी हुई थी.
इसके बावजूद एजेंसी को दोबारा परिवहन का काम सौंपे जाने और शिकायतों के बाद भी उसका काम जारी रहने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. सवाल यह है कि पहले भी गंभीर मामला सामने आने के बावजूद एजेंसी को परिवहन की जिम्मेदारी कैसे मिलती रही?
सांसद प्रतिनिधि की शिकायत के बाद जारी हुआ नोटिस
स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मामला मीडिया और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में पहुंचा. इसके बाद शहडोल सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने भोपाल में नान के प्रबंध संचालक अनुराग वर्मा से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की.
शिकायत मुख्यालय तक पहुंचने के बाद कटनी जिला प्रबंधक ने संबंधित ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी किया है. नोटिस जारी होने के बावजूद परिवहन का काम जारी रहने की बात सामने आ रही है.
तीन महीने तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
करीब 4 करोड़ रुपये के सरकारी चावल से लदे 32 ट्रकों का पता नहीं चलना और तीन महीने तक शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है. अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और गायब चावल का हिसाब कब तक सामने आता है.