App

नागपुर लूटकांड का बालाघाट कनेक्शन, खेत में मिला नोटों का खजाना; पराली के ढेर ने उगले 3.26 करोड़ रूपए

नागपुर में व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में बालाघाट के डोरली गांव में पुलिस ने दो आरोपियों की निशानदेही पर खेत से पराली के नीचे छिपाई गई 3.26 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की.

नागपुर लूटकांड का बालाघाट कनेक्शन, खेत में मिला नोटों का खजाना; पराली के ढेर ने उगले 3.26 करोड़ रूपए
Image Credit: AI IMAGE

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली गांव में पराली के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई है. नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की निशानदेही पर खेत से नकदी से भरी तीन बोरियां जब्त कीं. इनमें कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये बरामद हुए हैं. इतनी बड़ी रकम मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

दरअसल, महाराष्ट्र के नागपुर में एक व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट हुई थी. इस मामले की जांच करते हुए नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे दो आरोपियों कृष्णा चंद्रवार और अरविंद डहरवाल को लेकर बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम डोरली पहुंची. यहां वारासिवनी और रामपायली पुलिस के सहयोग से बस्ती तालाब के पास स्थित अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी अभियान चलाया गया. इसी दौरान पैरा (धान के पुआल) के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई तीन बोरियों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई.

पुलिस ने तीनों बोरियों को जब्त कर ग्राम पंचायत डोरली पहुंचाया, जहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने करीब सात घंटे तक नकदी की गिनती और अन्य कानूनी कार्रवाई की. इस दौरान कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये बरामद होने की पुष्टि हुई. कार्रवाई पूरी करने के बाद नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों और जब्त नकदी को अपने साथ नागपुर ले गई.

नागपुर क्राइम ब्रांच के अधिकारी के मुताबिक, व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है और आगे की जांच जारी है. नागपुर में हुई लूट की जांच का बालाघाट के एक खेत तक पहुंचना और वहां से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद होना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

(बालाघाट से आशीष श्रीवास की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More