SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

MP में करवा चौथ पर कब निकलेगा चांद? भोपाल से इंदौर तक जानिए चंद्रोदय का समय

करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. महिलाएं चांद देखने के बाद ही अपना व्रत खोलती हैं. मध्य प्रदेश में करवा चौथ के दिन चांद निकलने के समय में लगभग 40 मिनट का अंतर रहेगा. चलिए जानते हैं भोपाल से लेकर इंदौर तक चांद निकलने का समय.

Written By Ranjana Kahar
Published: Oct 28, 2026, 07:09 PM IST | Updated: Oct 28, 2026, 07:18 PM IST
Image Credit: MP में करवाचौथ पर कब निकलेगा चांद? (Photo Ai)
Join

अखंड सौभाग्य का पर्व करवा चौथ गुरुवार 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी और रात में चंद्रमा के दर्शन करके अपना व्रत पूरा करेंगी. मध्य प्रदेश के बाजारों में इस त्योहार को लेकर काफी उत्साह और रौनक देखी जा रही है. लेकिन इस बार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात 'अर्नब' का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में बादल छाए रहने के कारण चंद्रमा के दर्शन में देरी हो सकती है. खगोलीय गणनाओं के मुताबिक मध्य प्रदेश में चंद्रोदय के समय में लगभग 40 मिनट का अंतर रहेगा. भौगोलिक स्थिति के कारण राज्य के पूर्वी छोर पर स्थित सिंगरौली में चंद्रमा सबसे पहले दिखाई देगा.

भोपाल से इंदौर तक जानिए चंद्रोदय का समय

एक्सपर्ट समय के अनुसार, मध्य प्रदेश के सिंगरौली में चांद सबसे पहले रात 8:01 बजे दिखाई देगा. राजधानी भोपाल में इसके रात 8:26 बजे और इंदौर में रात 8:34 बजे दिखने की उम्मीद है. वहीं, राज्य के पश्चिमी छोर पर स्थित आलीराजपुर जिले में चांद सबसे आखिर में रात 8:41 बजे दिखाई देगा. हालांकि स्थानीय मौसम और बादलों की वजह से कुछ जगहों पर तय समय से 10 से 15 मिनट की देरी हो सकती है. उज्जैन में रात 8:33 बजे, जबलपुर में रात 8:16 बजे, ग्वालियर में रात 8:15 बजे, नर्मदापुरम में रात 8:26 बजे, छिंदवाड़ा में रात 8:23 बजे, रीवा में रात 8:06 बजे, सतना में रात 8:08 बजे और सागर में रात 8:19 बजे चांद निकलने की संभावना है.

चक्रवात 'अर्नब' का साया

इस बीच, सुहागिनों की सबसे बड़ी चिंता मौसम को लेकर बनी हुई है. चक्रवात 'अर्नब' के असर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभागों के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभागों में आसमान में घने बादल छाए रहने के आसार हैं, जिससे चांद देखने में बाधा आ सकती है.

यह भी पढ़ें: करवा चौथ पर क्या करें और क्या न करें? जानिए सुहाग के इस पावन व्रत से जुड़े जरूरी नियम और सावधानियां
 

महिलाओं को करना पड़ सकता है इंतजार

करवा चौथ के इस पावन पर्व पर विवाहित महिलाओं में भारी उत्साह है. लेकिन चक्रवात अर्नब के प्रभाव और बादलों की आवाजाही के कारण महिलाओं को चांद देखने के लिए सामान्य से थोड़ा अधिक इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान और अलग-अलग क्षेत्रों के समय-सारणी से संकेत मिलता है कि बादलों और बारिश के कारण चांद के दर्शन में थोड़ी रुकावट आ सकती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES